कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ अत्यधिक वर्षा एवं गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत तटवर्ती गांवों में बांधों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिये। लहरा घाट पर पहुंच कर कांवड़ यात्रियों और श्रद्वालुओं के लिये की गई व्यवस्थाओं को मौके पर चैक करते हुये कहा कि समस्त व्यवस्थायें पूर्ण रखें। गहरे पानी के आसपास संकेतक लगाकर बैरीकेटिंग अवश्य करा दी जाये। पूर्ण सतर्कता बरततेे हुये क्षेत्र पर हर समय पैनी नजर रखी जाये। जिससे कांवड़ यात्रियों व श्रद्वालुओं को कहीं पर भी कोई दिक्कत न हो।

जिलाधिकारी ने आज वृहस्पतिवार को गंगा नदी के तटवर्ती ग्राम दतलाना, लहरा, अल्लीपुर बरबारा बांध, नगला दल तथा ढेला सराय गांव एवं वहां बाढ़रोधी बनाये गये बांधों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि अभी गंगा नदी में जलस्तर अधिक नहीं है, लेकिन अभी से समस्त सुरक्षात्मक उपाय अवश्य कर लिये जायें। जिससे जल स्तर बढ़ने पर ग्रामवासियों को कोई समस्या उत्पन्न न हो। इस कार्य में कोई भी लापरवाही न बरती जाये। बाढ़ निरोधक कार्यों में तेजी लाई जाये। बाढ़ चौकियां पूर्ण रूप से सक्रिय कर दी जायें। बढ़ते जल स्तर पर हर समय नजर रखी जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव से निपटने की पूरी तैयारियां कर लें। चिकित्सा कैम्प, पशु टीकाकरण, पेयजल व्यवस्था, बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर राहत शिविर, दवाओं की उपलब्धता, मेडीकल किट्स, तटबंधों की सुरक्षा, गोताखोर व नावों, क्षतिग्रस्त होने वाले मार्गों को तत्काल ठीक कराने सहित समस्त व्यवस्थायें पूर्ण रखी जायें।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम कासगंज पंकज कुमार एवं सिंचाई विभाग के अभियंता उपस्थित रहे।

————-

बाढ़ सम्बंधी सूचनाओं के आदान प्रदान हेतु बाढ़ नियंत्रण कक्ष संचालित। दूरभाष नं0 8868016669

कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के दिशा निर्देशन में जनपद में गंगा किनारे स्थित समस्त आबादी क्षेत्रों को बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिये अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पूर्व से ही बाढ़ सम्बंधी सुरक्षात्मक उपाय करने के लिये बाढ़ सम्बंधी सूचनाओं के तुरंत आदान प्रदान करने हेतु विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बाढ़ अवधि 31 अक्टूबर 2023 तक के लिये सिंचाई खण्ड कासगंज के पीएलजीसी कालोनी स्थित कार्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष संचालित कर दिया गया है। जिसका दूरभाष नं0 8868016669 है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी संजय शर्मा सहायक अभियंता प्रथम सिंचाई मोबा0नं0 9412720923 तथा सहायक प्रभारी अधिकारी नरेन्द्र सिंह अवर अभियंता उपखण्ड सिंचाई मोबा0नं0 6396979107 बनाये गये हैं।

अधिशाषी अभियंता सिंचाई अरूण कुमार ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण कक्ष में प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक तीनों शिफ्टों में अधिकारी, कर्मचारियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। तैनात कर्मचारी दूरभाष या व्यक्तिगत रूप से प्राप्त शिकायतों व सुझावों को रजिस्टर पर अंकित कर सम्बंधित अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित करेंगे। साथ ही समस्त बाढ़ सूचनाओं को अनिवार्यरूप से सम्बंधित उच्च अधिकारियों, केन्द्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष एवं जिला प्रशासन को प्रतिदिन समय से उपलब्ध करायेंगे। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन कछला घाट से जलस्तर के उतार चढ़ाव व बाढ़ की जानकारी लेकर नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने के लिये भी कर्मचारी तैनात कर दिये गये हैं।


———-

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *