ड्रोन कैमरे से होगा प्रत्येक गांव का सर्वेक्षण

ग्रामवासियों को अपने आवासीय परिसरों का मिलेगा घरौनी स्वामित्व प्रमाण पत्र

कासगंज (सू0वि0): जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने विकास खण्ड कासगंज के एटा रोड स्थित अल्लीपुर ग्राम पहुंच कर स्वामित्व योजना के अंतर्गत ड्रोन सर्वेक्षण कार्य का शुभारंभ किया।

जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों को जागरूक करते हुये कहा कि अब जनपद के प्रत्येक गांव का ड्रोन कैमरे से सर्वे किया जायेगा। गांवों में जिन लोगों के अपने पैतृक मकान और आवासीय परिसर हैं, उनका सर्वे कराकर उन ग्रामवासियों को सरकार द्वारा मालिकाना हक देने के लिये खतौनी की ही तरह घरौनी स्वामित्व प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। इससे उस मकान व आवासीय परिसर का तहसील अभिलेखों में नामकरण हो जायेगा। जिससे इस सम्पत्ति से सम्बन्घित समस्त विवाद भी स्वतः ही समाप्त हो जायेंगे। इसके अलावा घरौनी स्वामित्व प्रमाण पत्र के द्वारा बैंक से ऋण, हैसियत प्रमाण पत्र तथा अन्य सुविधायें भी ग्रामवासियों को प्राप्त हो सकेंगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वे आफ इण्डिया की टीम ने ड्रोन कैमरों के साथ जनपद में आकर अपना कार्य शुरू कर दिया है। शासन द्वारा संचालित यह अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इस ड्रोन सर्वे कार्य में ग्रामवासी भरपूर सहयोग कर लाभ उठायें। जिलाधिकारी ने सर्वे टीम एवं राजस्व कर्मियों को निर्देश दिये कि सर्वेक्षण कार्य पूर्ण त्रुटि रहित एवं समयबद्ध ढंग से करना सुनिश्चित करें। नवीनतम ड्रोन प्रोद्योगिकी के उपयोग से ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर उनके स्वामित्व सम्बन्धी अभिलेख तैयार करने हेतु प्रथम चरण में तहसील कासगंज के 10 चयनित ग्रामों-सुलतानपुर, नसरतपुर, अल्लीपुर, भैंसोरा खुर्द, मनोटा, तिलसई खुर्द, बरेला, अमरपुर, ढिलावली तथा बढ़ारी वैश्य का ड्रोन सर्वेक्षण कराकर फीडिंग कराने की कार्यवाही की जा रही है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ए0के0श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी कासगंज तथा सम्बन्धित राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *