11 से 14 अप्रैल तक चलेगा टीका उत्सव
सभी पात्र नागरिक कोरोना का टीका अवश्य लगवायें-जिलाधिकारी
बचाव ही उपचार है। सभी को मास्क व सोशल डिस्टेंस का पालन करना अनिवार्य
कासगंज: जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में देर सायं तक कोविड समीक्षा करते हुये कहा कि 11 से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव मनाया जा रहा है। 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिक कोरोना का टीका अवश्य लगवायें। मास्क अवश्य लगायें। दो गज की दूरी बनाये रखें। साफ सफाई रखें। बाहर से आने वाले लोगों की जांच, संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की कांट्रेक्ट ट्रेसिंग और कोविड वैक्सीनेशन पर पूरा ध्यान दिया जाये। कोविड कन्ट्रोल रूम सक्रिय रहे और कोविड से सम्बन्धित सभी सूचनायें अपडेट रखी जायें।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड-19 का प्रकोप बहुत तेजी से फैल रहा है। शासन, प्रशासन द्वारा नियंत्रण हेतु निरंतर प्रयास जारी हैं। चिकित्सालयों में समस्त व्यवस्थायें दुरूस्त रखें। जनसामान्य को भी इस भयंकर बीमारी से बचाव हेतु सतर्कता बरतने, मास्क लगाने, स्वच्छता रखने तथा सोशल डिस्टेंस के साथ ही कोविड नियमों का पालन करने पर विशेष ध्यान देना बहुत ही जरूरी है। कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिये सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करें। बचाव ही उपचार है। सभी कार्यालय, कार्य स्थलों पर कोरोना हेल्पडेस्क की स्थापना की जाये। बिना मास्क के कोई प्रवेश न करे। प्रवेश द्वार पर हैण्डवाश एवं सैनेटाइजर की व्यवस्था की जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति और 10 वर्ष से कम आयु के बच्चे आवश्यतानुसार ही घरों से निकलें। फेस कवर/मास्क लगाना एवं सार्वजनिक स्थानों पर एक दूसरे से 2 गज की दूरी बनाये रखना अनिवार्य है। बार बार साबुन से हाथ धोयें और सैनेटाइजर का प्रयोग करें। अनावश्यक रूप से किसी भी वस्तु व स्थान को न छुयें। मुहल्ले एवं गांव में बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति से सतर्कता बरतें। सीधे संपर्क में न आयें। अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें। स्वयं अपने और परिवार व समाज को सुरक्षित रखने के लिये निर्देशों का पालन करें।
बैठक में सीडीओ तेज प्रताप मिश्र, एडीएम एके श्रीवास्तव, सीएमओ डा0 अनिल कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।
