मॉडल स्कूल बनाने का लिया निर्णय।
कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने गुरूवार को विकास खण्ड सोरों के नगला काइयां में स्थित जू0हा0 स्कूल का औचक निरीक्षण किया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित पाये गये। जिलाधिकारी द्वारा यहां शिक्षण व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिये इस स्कूल को गोद लिया गया है। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में पाई गई समस्त कमियों को 15 दिन के अन्दर दूर कराते हुये जिलाधिकारी द्वारा इसे मॉडल स्कूल बनाने का निर्णय लिया गया।

जिलाधिकारी ने स्कूल का निरीक्षण करते हुये अधिकारियों को निर्देश दिये कि स्कूल की बाउण्ड्री वाल, पाथ वे और शौचालय आदि का कार्य 15 दिन के अन्दर पूर्ण करायें तथा जू0हा0 नगला काइयां को मॉडल स्कूल बनाने के लिये समस्त व्यवस्थायें सुनिश्चित कराई जायें।
जिलाधिकारी ने निकटवर्ती गांव गड़रपुरा का निरीक्षण करते हुये ग्रामवासियों से रूबरू होकर उनसे बातचीत की तथा उनकी समस्याओं व शिकायतों के सम्बंध में भी जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पंचायत घर का निरीक्षण किया और इसके निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। गांव भ्रमण के दौरान रास्ते में कुछ स्थानों पर गंदगी और नाली में जलभराव मिलने पर इसे दूर कराने के लिये खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया।
————
