ग्रामीण क्षेत्र तथा निर्बल आय वर्ग के परिवारों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिया जायेगा निःशुल्क प्रशिक्षण: जिलाधिकारी

कासगंज (सू0वि0)। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस योजना के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे सिविल सेवा परीक्षा,नीट, जेईई, एसएससी, एनडीए, सीडीएस, बैंकिंग व टीईटी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रतिभाशाली तथा उत्साही विद्यार्थियों को निशुल्क  प्रशिक्षण दिया जायेगा।

उक्त योजना में अभ्यर्थियों का चयन पात्रता परीक्षा के आधार पर किया जायेगा। चयनित अभ्यर्थियों के निशुल्क प्रशिक्षण के लिए मण्डल मुख्यालयों में प्रशिक्षण केन्द्रों की व्यवस्था की गयी है। आॅफलाइन व आॅनलाइन प्रशिक्षण के माध्यम से विभिन्न परीक्षाओं के पाठ्यक्रम व परीक्षा पैटर्न की जानकारी की सुविधा दी जायेगी। गुणवत्तापूर्ण पाठ्यसामग्री उपलब्ध कराने के लिए ई-लर्निंग कन्टेट प्लेटफार्म का सृजन किया गया है, वरिष्ठ आईएएस, और आईपीएस अधिकारियों से लेकर भारतीय वन सेवा, पीसीएस,पीपीएस एवं अन्य संवर्ग के अधिकारियों/सेवानिवृत्त अधिकारियांे एवं विषय विशेषज्ञों से अध्ययन एवं मार्गदर्शन का अवसर मिलेगा। वेबीनार, लाइव सेशन और सेमीनार के माध्यम से अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान की सुविधा भी प्रदान की जायेगी। अभ्युदय योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक प्रतियोगी http://abhyuday.up.gov.in पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

उन्होंने कहा इस योजना में ग्रामीण क्षेत्र के निर्बल आय वर्ग के परिवारों के बच्चे प्रतिभावान मेधावी व लगनशील एवं परिश्रमी होते हुए भी इन परीक्षाओं की गुणवत्ता परक तैयारी नहीं कर पाते हैं। जिससे इनकी प्रतिभाओं में समूचा निखार नहीं आ पाता है। जिससे समाज इन सेवाओं से वंचित रह जाता है। ऐसी प्रतिभाओं को शासकीय सेवाओं में चयनित होने के लिए सरकार द्वारा निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। जो विद्यार्थी जिस स्तर की तैयारी करना चाहेगा, उसे उस स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत शासन द्वारा एक निशुल्क प्रशिक्षण केंद्र प्रदेश के प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर संबंधित मंडलायुक्त की अध्यक्षता में संचालित किए जाने का निर्णय लिया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक छात्रों के रजिस्ट्रेशन कराए जाएं, जिससे कि विद्यार्थी सरकार की जनकल्याणकारी योजना से लाभान्वित होकर अपने सपनों को साकार कर सकें। बच्चों को सरकार की निशुल्क प्रशिक्षण योजना के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन होने में किसी भी तरह की कोई चूक नहीं होनी चाहिए। स्कूल, कॉलेज रणनीति बनाकर योजना का क्रियान्वयन करें और निर्बल वर्ग के विद्यार्थियों के सपनों को साकार कराने में योगदान दें। जिससे कि वे अपने सपनों को साकार कर सकें और शासकीय सेवाओं में योगदान दें।

जिलाधिकारी ने कहा उक्त योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में संपर्क कर जानकारी का लाभ ले सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *