कासगंज: निर्धारित समयावधि में कार्यालयों में बैठने के दिये निर्देश।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत समस्याओं के प्रभावी निराकरण के लिये विद्युत विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुये आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुये कहा कि विद्युत कटौती की समस्यायें बहुत आती हैं इसका क्या कारण है। बताया गया कि इमरजेंसी विद्युत आपूर्ति रोस्टर हैडक्वार्टर से दिये जाते हैं, जिसके अनुरूप विभाग को जनपद में विद्युत आपूर्ति करनी होती है।
जिलाधिकारी द्वारा अपनी जन सुनवाई में आने वाली शिकायतों जैसे- आरसी गलत होने की शिकायतें, छः महीने या साल में एक साथ बिल बहुत ज्यादा आन की शिकायतें, लाइन जोड़ने के प्रकरण, विद्युत पोल लगने की समस्यायें, विद्युत कनेक्शन कटने पर भी बिल आने की समस्या, अधिक धनराशि के बिल आने आदि शिकायतों पर विभागीय अधिकारियों से जवाब तलब किया साथ ही जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये निर्देश दिये कि प्रत्येक प्राप्त होने वाली शिकायत का अतिशीघ्र निस्तारण किया जाये। समस्त विद्युत संबंधी अधिकारी जनता का फोन उठायें और संयमित भाषा का इस्तेमाल करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधीक्षण अभियंता चैक करें कि जेई क्षेत्र में जाते हैं या नहीं और निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहते हैं या नहीं। सुनिश्चित करें कि सभी विद्युत अभियंता समय से कार्यालयों में बैठें और जिससे जनता उनसे मिलकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सके।
बैठक में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता तथा अवर अभियंता एवं प्रवर्तन दल के इंस्पेक्टर आदि उपस्थित रहे।
———-
