कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग अभियान तथा दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिये तैयारियों की समीक्षा करते हुये सीएमओ, समस्त एमओआईसी तथा सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिये माइक्रोप्लान बना लिया गया है। जनसामान्य में जागरूकता उत्पन्न करने हेतु 01 जुलाई को संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनजागरूकता रैली निकाली जायेगी। बीमारियों से बचाव हेतु व्यापक रूप से साफ सफाई कार्यक्रम चलाया जायेगा। जिसके लिये सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में शपथ दिलाई जायेगी। विद्यालयों द्वारा भी रैली निकाल कर जनसामान्य को खानपान, रहन सहन तथा घरों के आसपास स्वच्छता बनाये रखने के लिये जागरूक किया जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग व दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिये 01 जुलाई से विशेष संचारी रोग अभियान चलाया जायेगा। अभियान को सफल बनाने के लिये ग्राम प्रधानों, वार्ड मेम्बरों और ग्राम सचिवों का भी पूर्ण सहयोग लिया जाये। कोविड तथा संचारी रोगों की रोकथाम हेतु साफ सफाई, सेनेटाइजेशन, फागिंग कराने तथा जलभराव व गंदगी को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाये। नालियों और झाड़ियों की साफ सफाई कराई जाये। स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षय रोगियों तथा कोविड रोगियों का भी चिन्हांकन कराया जाये। उथले हैण्डपम्पों का लाल रंग लगाकर चिन्हांकन करायें। गंदगी तथा संक्रामक रोगों से बचाव हेतु सूकर बाड़ों को आबादी से दूर रखा जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान कुपोषित बच्चों का भी चिन्हांकन कर आवश्यकतानुसार उनका उपचार कराया जाये। सम्बन्धित विभागों के सहयोग से समन्वय बनाकर अभियान अभियान को सफल बनायें। 16 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर घर भ्रमण कर बीमार व्यक्तियों का चिन्हांकन किया जायेगा साथ ही दिमागी बुखार, खांसी जुकाम तथा संचारी रोगों से बचाव हेतु अभियान चलाकर सर्वे किया जायेगा। इन रोगों के त्वरित उपचार हेतु जनसामान्य को जागरूक किया जाये। सर्वे की रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराई जाये। कोई भी घर सर्वे से वंचित नहीं रहना चाहिये।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अनिल कुमार, समस्त एमओआईसी सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

———–

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *