कासगंज: संचारी रोग नियंत्रण अभियान को पूर्ण सफल बनायें-जिलाधिकारी

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिये तैयारियों की सीएमओ, समस्त एमओआईसी तथा सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिये माइक्रोप्लान बना लिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिये 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2022 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जायेगा। अभियान को सफल बनाने के लिये पहले से और अच्छा कार्य करें। पूर्व में जहां कहीं डेंगू या अन्य संचारी रोगों का संक्रमण रहा हो, उन क्षेत्रों पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जाये। सभी आशा, आंगनबाड़ी कार्यत्रियों को समय प्रशिक्षित कर दिया जाये। ततारपुर, भैंसोरा खुर्द सहित समस्त ग्रामों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाये। ग्राम प्रधानों, वार्ड मेम्बरों और ग्राम सचिवों का भी पूर्ण सहयोग लिया जाये। संचारी रोगों की रोकथाम हेतु साफ सफाई, सेनेटाइजेशन, फागिंग कराने तथा जलभराव व गंदगी को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाये। नालियों और झाड़ियों की साफ सफाई कराई जाये। स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षय रोगियों तथा कोविड रोगियों का भी चिन्हांकन कराया जाये। उथले हैण्डपम्पों का लाल रंग लगाकर चिन्हांकन करायें। गंदगी तथा संक्रामक रोगों से बचाव हेतु सूकर बाड़ों को आबादी से दूर रखा जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान कुपोषित बच्चों का भी चिन्हांकन कर आवश्यकतानुसार उनका उपचार कराया जाये। यदि बीमार हों तो सरकारी अस्पताल में भर्ती कराकर उनका उपचार कराया जाये। सम्बन्धित विभागों के सहयोग से समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनायें। 07 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2022 तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर घर भ्रमण कर बीमार व्यक्तियों का चिन्हांकन किया जायेगा साथ ही दिमागी बुखार, खांसी जुकाम तथा संचारी रोगों से बचाव हेतु अभियान चलाकर सर्वे किया जायेगा। इन रोगों के त्वरित उपचार हेतु जनसामान्य को जागरूक किया जाये। सर्वे की रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराई जाये। कोई भी घर सर्वे से वंचित नहीं रहना चाहिये।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन, सीएमओ डा0 अवध किशोर, डिप्टी सीएमओ, डीपीआरओ, सीवीओ, जिला कृषि अधिकारी, बीएसए व यूनीसेफ के प्रतिनिधि एवं समस्त एमओआईसी सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

———–

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *