गुणवत्ता के साथ करें शिकायतों का निस्तारण-जिलाधिकारी

तहसील सहावर में 89 प्रार्थना पत्र प्राप्त।

तीनों तहसीलों में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस।

कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में तहसील सहावर के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें पीड़ितों ने उपस्थित होकर अपनी शिकायतों व समस्याओं को प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी के समक्ष तहसील सहावर में कुल 89 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि समस्त प्रार्थना पत्रों का निस्तारण यथाशीघ्र गुणवत्ता के साथ करना सुनिश्चित करें तथा पीड़ितों को सहज और त्वरित न्याय दिलायें।

जिलाधिकारी ने विकास खण्ड क्षेत्र अमांपुर के ग्रामीण क्षेत्र में चकरोड पर अतिक्रमण की शिकायत पर खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिये कि तत्काल टीम भेज कर चकरोड की पैमायश करायें और अतिक्रमण हटवाकर मिट्टी डलवादें। विद्युत पोल गिर जाने के कारण दीवार के सहारे विद्युत तार लटकने से करेंट आने की समस्या को विद्युत विभाग द्वारा एक साल से दूर न करने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देश दिये कि मौके पर स्टाफ को भेजकर शीघ्र समस्या को दूर कर अवगत करायें। साथ ही अन्य विद्युत प्रकरणों को गंभीरता से लेकर निस्तारित करना सुनिश्चित करें। भैंस बांधकर रास्ता बन्द कर देने की ग्रामीण द्वारा शिकायत करने पर लेखपाल को निर्देश दिये कि आज ही मौके पर जाकर रास्ता खुलवाकर साफ करायें।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस के साथ राजस्व विभाग की टीमें क्षेत्र में जायें। अभियान चलाकर चकरोड एवं अन्य सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटवाकर खाली करायें। चकरोड बनवायें। भूमि विवादों को तत्परता से निबटायें। अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता पूर्वक सुनें तथा प्रभावी ढंग से समयबद्वता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। फरियादियों से कार्यालयों के चक्कर न लगवायें।

इस अवसर पर अवैध कब्जा हटवाने, पैमायश कराने, राशन कार्ड, विद्युत बिल प्रकरण, घरेलू विवाद, आपसी बंटवारा, उत्पीड़न, चकरोड व खेत पर जबरन कब्जा करने आदि से सम्बन्धित प्रार्थना पत्र फरियादियों द्वारा प्रस्तुत किये गये।

तहसील सहावर में इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, सीएमओ, डीएफओ, डीसी मनरेगा, जिला विकास अधिकारी, डीएसओ, बीएसए एवं कृषि, विद्युत, सिंचाई, पिछड़ा वर्ग, पशु चिकित्सा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम सहावर रितु सिरोही, तहसीलदार, सीओ, क्षेत्रीय खण्ड विकास अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

————–

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *