कासगंज: मण्डी समिति से ही होगी पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापिसी तथा मतगणना।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ कृषि उत्पादन मण्डी समिति, अमांपुर रोड, कासगंज पहुंच कर स्ट्रांग रूम एवं मतगणना हेतु की जा रही व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर और व्यवस्थित बनाने के अधीनस्थों को निर्देश दिये।



जिलाधिकारी ने मतगणना स्थल पर तीनों तहसीलों की समस्त नगरीय निकायों की मतगणना के दौरान कार्मिकों व प्रत्याशियों को निर्धारित स्थान पर रहने, उनके आने जाने का रास्ता, बैरीकेटिंग, वाहन पार्किंग आदि की जानकारी प्राप्त की। पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी पर मतपेटिकाओं व प्रपत्रों के जमा कराने आदि की व्यवस्थाओं को भी मौके पर चैक किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि बैरीकेटिंग एवं समस्त व्यवस्थायें समय से पूर्ण कर ली जायें।
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी डा0 वैभव शर्मा ने व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुये बताया कि 10 मई को मण्डी समिति से ही 11 मई 2023 को होने वाले मतदान के लिये समस्त पोलिंग पार्टियां निर्धारित वाहनों से पोलिंग बूथों के लिये रवाना होंगी और यहीं वापस आकर मतपेटिकायें व निर्वाचन लेखा सामग्री जमा करेंगी। जिन्हें स्ट्रांगरूम में रखा जायेगा। मण्डी समिति में ही 13 मई 2023 को मतगणना कराई जायेगी। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिये जनपद की तीनों नगर पालिका परिषदों कासगंज, सोरों तथा गंजडुण्डवारा एवं 07 नगर पंचायतों-बिलराम, पटियाली, मोहनपुर, सिढ़पुरा, भरगैन, सहावर व अमांपुर के निर्वाचन हेतु मतदान कार्मिकों के प्रस्थान एवं वापसी तथा मतगणना कार्य कृषि उत्पादन मण्डी समिति, अमांपुर रोड, कासगंज में सम्पन्न कराया जायेगा। 11 मई 2023 को मतदान के उपरांत मतपेटिकाओं को सुरक्षित रखे जाने हेतु यहां स्ट्रांग रूम बनाया गया है। स्ट्रांगरूम तथा मतगणना स्थल की कड़ी सुरक्षा तथा कार्मिकों को व्यवस्थित ढंग से निर्धारित वाहनों के माध्यम से पोलिंग बूथों के लिये प्रस्थान कराने एवं वापिसी पर मतपेटिकायें एवं निर्वाचन लेखा सामग्री सुरक्षित जमा कराने के लिये बैरीकेटिंग सहित समस्त व्यवस्थायें तेजी से पूर्ण कराई जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि काउंटिंग प्लान से ही मतगणना कराई जाये। आरओ व एआरओ के बैठने, मतगणना कार्मिकों के बैठने तथा गणना अभिकर्ताओं के बैठने के स्थान निर्धारित कर दिया जाये। पर्याप्त बैरीकेटिंग कराकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान की जाये।
