कासगंज: विश्व मात्स्यिकीय दिवस-वर्ल्ड फिशरीज डे, पर मत्स्य विभाग कासगंज के द्वारा रविवार 21 नवम्बर 2021 को विकास भवन सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रत्नेश कश्यप के मुख्य आतिथ्य तथा मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र की अध्यक्षता में मत्स्य कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के 65 मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट वितरित किये गये।
जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा मत्स्य पालकों का आर्थिक स्तर सुदृढ़ करने के लिये निरंतर प्रयासरत हैं। भारत सरकार द्वारा नवीन प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना संचालित की गई है। परंपरागत मछुआरों को इसका भरपूर लाभ मिल रहा है। जिससे मत्स्य कृषकों का जीवन स्तर सुधरेगा। उन्होंने मत्स्य विभाग को गम्बुजिया मछली का पालन जनपद में कराने की सलाह दी। जिससे मच्छर के लार्वा को समाप्त करने तथा मच्छर जनित बीमारियों से निजात पाने में मदद मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने गोष्ठी में प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, कृषि विकास योजना, मछुआ दुर्घटना बीमा योजना एवं फिश फार्मर एप पर पंजीकरण के बारे में जानकारी देते हुये कहा कि मत्स्य पालक सरकार की विभागीय योजनाओं का भरपूर लाभ उठायें और मत्स्य पालन क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करें। इस अवसर पर जिला प्रबन्धक लीड बैंक बलिन्दर सिंह द्वारा मत्स्य पालन के क्षेत्र में और अच्छा कार्य करने के लिये किसान क्रेडिट कार्ड की विस्तार से जानकारी दी गई। किसान क्रेडिट कार्ड से मत्स्य पालक 10 हजार रू0 से 02 लाख रू0 तक बैंक से निकाल कर अपना कार्य कर सकते हैं और आय होने पर उक्त धनराशि बैंक में जमा कर सकते हैं। गोष्ठी में कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं अन्य अधिकारियों द्वारा भी मत्स्य पालकों को अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य गिरीश चन्द्र ने गोष्ठी में उपस्थित समस्त आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
—————–