सभी पोलिंग बूथों पर रहेगी कैमरों की पैनी नजर

 गड़बड़ी करने का प्रयास करने वालों से कठोरता से निबटा जायेगा

व्यवस्थित ढंग से निष्पक्षता के साथ करायें मतदान-डीएम

पोलिंग एजेण्टों को बूथ पर मोबाइल रखना वर्जित।

पोलिंग बूथों पर मास्क लगाकर आयें वोटर। कोविड नियमों का करायें शतप्रतिशत पालन

कासगंज (सू0वि0)। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत चन्द्र प्रकाश सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 को सकुशल सम्पन्न कराने के लिये कलेक्ट्रेट परिसर में समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटोें की ब्रीफिंग करते हुये कहा कि पंचायत निर्वाचन को प्रत्येक दशा में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर वीडियो कैमरे लगेंगे तथा सुरक्षा व्यवस्था हेतु पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स उपलब्ध रहेगा। सभी गतिविधियां कैमरों में कैद होंगी। अराजक तत्वों के मंसूबों को किसी भी दशा में पूरा नहीं होने दिया जायेगा। गड़बड़ी का प्रयास करने वालों से कठोरता से निबटा जायेगा। बूथों पर पोलिंग एजेण्टों को अपने पास मोबाइल रखना पूर्णतः वर्जित है।

जिला मजिस्ट्रेट श्री सिंह ने कहा कि स्वयं निष्पक्ष रहें और पूरी निष्पक्षता से मतदान करायें। अपने क्षेत्र के समस्त पोलिंग बूथों पर निरंतर भ्रमण कर पैनी नजर रखें। किसी के पक्ष में न पड़ें। किसी से रिश्तेदारी या दोस्ती न निभायें और न किसी का आतिथ्य स्वीकार करें। पोलिंग पार्टियों की व्यवस्थाओं पर नजर रखें। पीठासीन अधिकारियों की डायरी समय से चैक करें जिसमें प्रत्येक दो घण्टे बाद मतदान की स्थिति अंकित करनी है। आयोग के नियमों का शतप्रतिशत पालन करें। किसी भी दशा में कोई गलती न होने पाये। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को गाड़ियां उपलब्ध करा दी गई हैं। अपने अपने क्षेत्र की पोलिंग व्यवस्थाओं को एक बार फिर चैक कर लें। अपने एसडीएम और खण्ड विकास अधिकारी तथा कंट्रोल रूम का नम्बर अपने पास जरूर रखें।

समस्त पोलिंग बूथों पर कोविड 19 के नियमों का पूर्ण पालन किया जाये। सोशल डिस्टेंस बनाये रखने हेतु मतदाताओं के लिये गोले बनवायें। सभी मतदाता मास्क लगाकर ही मतदान करने आयें। आदर्श चुनाव आचार संहिता एवं धारा 144 का पूर्ण पालन किया जाये।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिये प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया जायेगा। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ए0के0श्रीवास्तव द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त जोनल तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट, एसडीएम व निर्वाचन से सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *