कासगंज: अपर मुख्य सचिव, उ0प्र0 शासन द्वारा आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से अच्छादित आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने हेतु 05 जुलाई से 20 जुलाई 2022 तक विषेष अभियान आयुष्मान पखवाड़ा चलाये जाने के निर्देश दिये गये हैं। आयुष्मान कार्डधारक पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 05 लाख रू0 तक की निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
उक्त जानकारी देते हुये मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 अवध किशोर प्रसाद ने बताया कि जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के दिशा निर्देशन में 20 जुलाई 2022 तक जनपद कासगंज में विशेष अभियान आयुष्मान पखवाड़ा चलाया जायेगा। जिसमें पात्र परिवारों को आशाओं व ए0एन0एम0 के द्वारा जागरूक करते हुए जनसुविधा केन्द्रोें तक लाकर अधिकतम पात्र लाभार्थियों के निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाये जायेंगे।
आशा द्वारा गांव/वार्ड के चिन्हित लाभार्थी परिवारों को कैम्प स्थल की जानकारी दी जायेगी। लाभार्थी आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु अपना आधार कार्ड एवं राशन कार्ड व मा0 प्रधानमंत्री जी का पत्र तथा मा0 मुख्यमंत्री जी का पत्र यदि लाभार्थी को प्राप्त हुआ है तो अवश्य साथ लेकर जायें। बिना आधार कार्ड एवं राशन कार्ड के आयुष्मान कार्ड नहीं बन पायेगा। वंचित लाभार्थीयों की सूची सम्बन्धित आशा को दे दी गयी है। लाभार्थी अपने गांव/वार्ड की आशा से सम्पर्क कर सूची में अपने नाम की जानकारी ले लें। इसके साथ ही 05 लाख रू0 तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने के लिये सभी अन्त्योदय कार्डधारक अपने नजदीकी जनसेवा केन्द्र पर जाकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवा लें।
————-