कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित निपुण भारत मिशन प्रेरणा/आपरेशन कायाकल्प एवं एमडीएम टास्कफोर्स की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुये कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत शासन की मंशा के अनुरूप वास्तव में विद्यालयों में कार्य होना चाहिये। जनपद कासगंज में मिशन कायाकल्प में अच्छा कार्य हुआ है। कहीं कोई कमियां शेष हैं, उन्हें दूर कर लिया जाये। विद्यालयों में शिक्षण कार्य को रूचिकर बनाया जाये। जिससे बच्चे शिक्षा के प्रति स्वयं आकर्षित हों। ऐसा वातावरण बनाया जाये कि सभी शिक्षक बिना किसी बहाने के अपने विद्यालयों में जायें और बच्चों को अच्छी शिक्षा दें।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि जनपद में शतप्रतिशत किताबें प्राप्त हो चुकी हैं, अधिकांश का विद्यालयों में वितरण कराया जा चुका है। शेष अगले दो-तीन दिन के अंदर वितरित करा दी जायेंगी। विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति के लिये विशेष प्रयास किये गये हैं। इसका सकारात्मक परिणाम मिल रहा है। कासगंज नगर में लगभग 95 प्रतिशत बच्चे विद्यालयों में उपस्थित हो रहे हैं। जिले के 985 विद्यालयों में कक्षावार शिक्षकों को निपुण भारत के लक्ष्य प्राप्त करने का टारगेट दे दिया गया है। रणनीति बनाकर कार्य कराया जा रहा है।

कायाकल्प की समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी ने पाया कि ब्लाक सिढ़पुरा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में मात्र टाइलीकरण का कार्य शेष है, यहां के 34 विद्यालयों के 177 क्लास रूमों में कुछ समस्यायें हैं उन्हंे दूर कराया जा रहा है। तहसील पटियाली के दरियावगंज में सचिव को विद्यालयों में कार्य कराने के लिये चार्ज दे दिया गया है। ब्लाक कासगंज 229 विद्यालयों में कार्य पूर्ण हो चुका है, 317 में कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी के द्वारा प्रति सप्ताह कार्य की समीक्षा किये जाने से अपेक्षित प्रगति सामने आ रही है। विवादित प्रकरणों को छोड़कर अवशेष में कार्य प्रगति पर है और अधिकांश विद्यालयों में कायाकल्प के मानकों के अनुरूप शतप्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इस अवसर पर दो शिक्षकों द्वारा अपने अपने विद्यालयों में कराये गये कार्य के सम्बंध में प्रजेंटेशन दिया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन, अपर जिलाधिकारी ए0के0 श्रीवास्तव, डीआईओएस एस0पी0सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी ,समस्त खण्ड विकास अधिकारी अधिशासी अधिकारी नगर निकाय उपस्थित रहे।

———–

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *