निर्माण एजेंसी के ही भरोसे न रहें-जिलाधिकारी

कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुये कहा कि जनपद में कराये जा रहे समस्त निर्माण कार्यों की जांच विभागीय अभियंता स्वयं करें। निर्माण एजेंसी के ही भरोसे न रहें। गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जायेगा। अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किया जाये।

समीक्षा में पाया गया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 05 मार्ग निर्माणाधीन हैं जो मार्च 2023 तक पूर्ण होने हैं। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड की निर्माणाधीन 24 सड़कें हैं। आरईडी की 07 सड़कों के निर्माण हेतु द्वितीय किस्त के लिये डिमाण्ड शासन को भेज दी गई है। 100 दिन के लक्ष्य के अंतर्गत 02 निर्माणाधीन सड़कें हैं, जिनमें से एक का पैसा मिल गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्य समय से पूर्ण किये जायें। यदि बजट प्राप्त नहीं हुआ है तो इसके लिये भरसक प्रयास करें।

बैठक में बताया गया कि निर्धन परिवारों के लिये सोरों में नवनिर्मित आसरा योजना में 88 आवासों में से 59 आवंटित हो चुके हैं। भरगैन के आवासों में विद्युत संयोजन हो गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि अवशेष आवासों को शीघ्र आवंटित करायें।

डायट का निर्माण कार्य चल रहा है। 6 उच्च प्राथमिक विद्यालय भवनों में से 04 पूर्ण हो चुके हैं, विभाग को 02 हैण्ड ओवर कर दिये गये हैं। नगर पालिका कासगंज में 50 टीपीडी के म्यूनिसपल सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट के लिये भूमि चिन्हित की जा रही है। राम छितौनी के निकट वृह्द गौसंरक्षण केन्द्र का कार्य जारी है। डिपो कार्यशाला में इंटरलॉकिंग का कार्य शेष है। संयुक्त जिला चिकित्सालय में अलग विद्युत फीडर लगाने के लिये रिवाइज एस्टीमेट भेजा गया है। बैठक में जिले में संचालित समस्त निर्माण कार्यों की गहनता से समीक्षा की गई। पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिये।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जलनिगम, आरईडी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तथा निर्माण कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता व सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *