कासगंज (सू0वि0)।जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग व दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिये आज 01 जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 जुलाई से शुरू होने वाले दस्तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाये। सम्बन्धित विभाग इसमें पूर्ण सहयोग करें। इस अभियान के साथ कोविड टीकाकरण अभियान को भी जोड़कर पूरे अभियान को सफल बनायें। 12 जुलाई से 25 जुलाई तक दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर घर जाकर बीमार एवं दिमागी बुखार, खांसी जुकाम तथा संचारी रोगों से ग्रसितों का सर्वे किया जायेगा तथा इन रोगों के त्वरित उपचार हेतु जनसामान्य को जागरूक किया जायेगा और इसकी रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराई जायेगी। कोई भी घर सर्वे से वंचित नहीं रहना चाहिये। कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुये अभियान को सफल बनाया जाये।
जिलाधिकारी ने डीपीआरओ तथा समस्त नगरीय निकायों के ईओ को निर्देश दिये कि कोविड तथा संचारी रोगों की रोकथाम हेतु साफ सफाई, सेनेटाइजेशन, फागिंग कराने तथा जलभराव व गंदगी को दूर करने के लिये युद्वस्तर पर विशेष अभियान चलाया जाये। नालियों की साफ सफाई तथा इन्हें ढकने की व्यवस्था की जाये। कहीं जलभराव न रहे। मच्छरों का न पनपने दें। संक्रामक रोग न फैलें इसके लिये समस्त यथासंभव उपाय करंें। टीकाकरण केन्द्रों पर पहुंचने वाले व्यक्तियों का आॅन स्पाॅट पंजीकरण कराकर उनका टीकाकरण अवश्य किया जाये। किसी भी दशा में उन्हें वापस न किया जाये। अधिक से अधिक लोगो को टीकाकरण कराने के लिये प्रेरित किया जाये।