लक्षण मिलने पर 14 दिन तथा लक्षण विहीन 07 दिन तक रहेंगे होम क्वारेन्टाइन

कासगंज (सू0वि0)। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड समीक्षा करते हुये कहा कि बढ़ते कोविड संक्रमण को गंभीरता से लेकर शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का शतप्रतिशत पालन किया जाये। संक्रमण को नियंत्रित करने के हरसंभव प्रयास किये जायें। सभी लोग मास्क जरूर पहनें और सोशल डिस्टेंस तथा कोविड नियमों का पालन करे। पंचायत निर्वाचन तथा कोविड संक्रमण प्रकोप के दृष्टिगत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवासियों का आना जारी है। प्रवासी व्यक्तियों के जनपद आगमन पर उनकी स्क्रीनिंग कराई जाये। संक्रमित पाये जाने पर तुरंत कोविड हास्पीटल या घर पर आइसोलेट किया जाये। कम लक्षण मिलने पर उन्हें 14 दिनों के लिये तथा लक्षण विहीन व्यक्ति 07 दिन तक होम क्वारेन्टाइन में रहेंगे।

समस्त उपजिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी सुनिश्चित करें कि प्रत्येक प्रवासी की स्क्रीनिंग के साथ ही पता, मोबाइल नं0 सहित लिस्ट तैयार करायें। अन्य प्रांतों से आने वाले व्यक्तियों को होम क्वारेन्टाइन अनुमन्य नहीं होगा। ऐसे व्यक्तियों को इंस्टीट्यूशनल क्वारेन्टाइन में रखा जायेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालय भवनों को इंस्टीट्यूशनल क्वारेन्टाइन सेंटर बनाया जायेगा। ग्राम निगरानी समितियों और नगरीय क्षेत्रों में मौहल्ला निगरानी समितियों को पूर्ण सक्रिय किया जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि होम क्वारेन्टाइन हुये व्यक्ति पूरी सावधारी बरतें तथा अपने घरों में प्रथक रहें। मास्क, गमछे से मुंह व नाक को ढके रहें। हाथों को साबुन से बार बार धोयें। अन्य व्यक्तियों को इस घर में न आने दें। घर में बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, रोगी व्यक्तियों को क्वारेंटाइन किये गये व्यक्तियों से अलग रहने की सलाह दी जाये। प्रवासी या परिवार के किसी अन्य व्यक्ति में लक्षण प्रारंभ होते ही तुरंत सूचना आशा कार्यकत्री को दी जाये। सभी उपजिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में शीघ्र क्वारेन्टाइन सेन्टर स्थापित कराकर उक्त कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *