(जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र पटियाली के प्रायः देर से खोले जाने पर समस्त स्टाफ का वेतन रोकने तथा एमओआईसी को चेतावनी पत्र जारी करने के दिये निर्देश)

कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुये कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जनपद के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों तक आसानी से पहुंचना चाहिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पटियाली के प्रायः देर से खोले जाने की शिकायतें बार बार प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि पटियाली स्वास्थ्य केन्द्र के समस्त स्टाफ का वेतन रोक दिया जाये और पटियाली के एमओआईसी को चेतावनी पत्र जारी किया जाये।
जिलाधिकारी ने जनपद में फर्जी पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउण्ड सेण्टरों तथा फर्जी हास्पीटलों के संचालन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुये कहा कि तत्काल अभियान चलाकर जनपद में संचालित फर्जी पैथालॉजी व अल्ट्रासाउण्ड सेन्टरों और हॉस्पीटलों के खिलाफ समुचित धारायें लगाते हुये कड़ी कार्यवाही की जाये। प्रसव उपरांत मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के भरपूर प्रयास किये जायें। 04 अप्रैल से मिशन इन्द्रधनुष अभियान शुरू होगा। अभियान को सफल बनाने के लिये सभी पूर्ण सहयोग करें। पोलियो वैक्सीन के लिये कोल्ड चेन बनाये रखने के लिये 13 कोल्ड चेन सिस्टम जनपद में हैं। कुछ स्थानों पर पॉवर बैकअप सिस्टम लगा है लेकिन सक्रिय नहीं है, इन्हें सक्रिय कराया जाये।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 अनिल कुमार, सीएमएस, एसीएमओ एवं समस्त एमओआईसी तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *