सांसद, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद।
कासगंजः मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को विकास खण्ड परिसर कासगंज में पूर्ण भव्यता के साथ सम्मानजनक ढंग से हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के 175 जोड़ों ने अपने जीवनसाथी के साथ गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया। जनपद में 175 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराने के लिये प्रदेश सरकार द्वारा 89 लाख, 25 हजार रू0 व्यय किया गया। सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया, विधायक कासगंज देवेन्द्र सिंह राजपूत, विधायक अमांपुर हरीओम वर्मा, विधायक मारहरा वीरेन्द्र सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, जिलाध्यक्ष भाजपा केपी सिंह सोलंकी, ब्लाक प्रमुख कासगंज यशवीर सिंह व अन्य जनप्रतिनिधियों तथा जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे व मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुये उनके उज्जवल भविष्य एवं सुखद दाम्पत्ति जीवन के लिये शुभकामनायें दीं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना निर्धन कन्याओं का सरकारी खर्च पर निःशुल्क विवाह कराने की एक अनूठी योजना है। शादी का पूरा खर्च सरकार वहन कर रही है। जनपद में 175 जोड़ों के विवाह पर कुल 89 लाख, 25 हजार रू0 व्यय किया गया है। जिले के समस्त 07 विकास खण्डों से 145 तथा कुल 10 नगरीय निकायों से 30 जोड़ों सहित कुल 175 जोड़ों का पात्रता के आधार पर खण्ड विकास अधिकारियों तथा ईओ के माध्यम से चयन कराया गया है। इन जोड़ों का आज सम्मानपूर्वक वैदिक रीति रिवाजों एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह सम्पन्न कराया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक जोड़े के विवाह पर 51 हजार रू0 व्यय किया गया है, 35 हजार रू0 कन्या के बैंक खाते में भी जमा किये गये हैं, 10 हजार रूपये का सामान प्रत्येक जोड़े को दिया गया है तथा 6 हजार रू0 खान-पान व टेन्ट आदि पर व्यय किये गये हैं। सामूहिक विवाह हेतु जनपद के विकास खण्ड कासगंज से 25 तथा सोरों, पटियाली, गंजडुण्डवारा, सिढ़पुरा, सहावर तथा अमांपुर से बीस-बीस जोड़ों तथा नगर पालिका कासगंज से 04, सोरों से 04, गंजडुण्डवारा से 02, नगर पंचायत पटियाली से 04, बिलराम से 02, मोहनपुर से 03, सिढ़पुरा से 03, भरगैन से 02, सहावर से 03 तथा अमांपुर से 03 जोड़ों का चयन किया गया है।
———-