अधिक से अधिक महिलाओं को दिया जाये योजनाओं का लाभ-अंजू चौधरी
कासगंज: मा0 उपाध्यक्ष (उप राज्यमंत्री स्तर) राज्य महिला आयोग उ0प्र0 श्रीमती अंजू चौधरी द्वारा महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने के लिये कलेक्ट्रेट सभागार में महिला जनसुनवाई की गई तथा अधिकारियों के साथ महिला उत्पीड़न के सम्बंध समीक्षा बैठक की। तत्पश्चात विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को इनका लाभ दिलाने तथा महिला उत्पीड़न की रोकथाम हेतु ग्रामीण क्षेत्र मामों के प्राथमिक विद्यालय पर जनचौपाल लगाई।
उपाध्यक्ष अंजू चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकारी, कर्मचारी व्यक्तिगत रूचि लेकर पात्र महिलाओं तक पहुंचायें। महिला कल्याण के लिये अनेकों महत्वपूर्ण योजनायें संचालित हैं। जिनका लाभ महिलाओं को अवश्य मिलना चाहिये। महिलायें स्वयं भी आगे बढे़ें और रोजगार परक प्रशिक्षण प्राप्त कर एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वावलम्बी व आत्म निर्भर बनें।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि वृद्धाश्रम का समय समय पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओ का चैक किया जाये। नियमित रूप से स्वास्थ्य कैम्प लगवाये जायें। समस्त पात्र वृद्धों को पेंशन दी जाये। सर्वे करायें कि इस क्षेत्र में किस प्रकार की दिव्यांगता ज्यादा है। ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी देकर अधिक से अधिक पात्रों को कन्या सुमंगला योजना से लाभांवित किया जाये।
महिला जनसुनवाई के दौरान मा0 उपाध्यक्ष के समक्ष महिला उत्पीड़न, पति की मृत्यु के बाद सास ससुर द्वारा घर से निकाल दिये जाने, विधवा पेंशन रूकी होने, राशनकार्ड बनवाने, पेंशन स्वीकृत न होने, छेड़खानी, पति द्वारा दूसरी शादी कर लिये जाने आदि से सम्बंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिसपर उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को जांच कराकर शीघ्र प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत जनपद में 10397 पात्रों को लाभांवित किया गया है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड में 76 बच्चों को लाभांवित किया गया है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) में भी बच्चों का चयन कर लाभांवित किया जा रहा है। पीएम केयर फण्ड से 02 बच्चों को लाभांवित किया गया है। जिले में 8 कस्तूरबा विद्यालय संचालित हैं। वृद्धाश्रम में 31 महिलायें तथा 79 वृद्ध पुरूष आवासित हैं।
इस अवसर पर डीपीओ सुमित कुमार चौहान, बीएसए, डीआईओएस, एएसडीएम, महिला थाना प्रभारी, महिला कल्याण अधिकारी एवं समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
————-