कासगंज: भारत रत्न, लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती 31 अक्टूबर 2022 को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जायेगी।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि प्रमुख सचिव, संस्कृति अनुभाग, उ0प्र0 शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राष्ट्रीय एकता दिवस हमारे देश की अन्तर्निहित ताकत एवं एकता और अखण्डता के लिये वास्तविक व संभावित खतरों का सामना करने का अवसर और सुरक्षा प्रदान करेगा। इस अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों में सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुये राष्ट्रीय एकता पर आधारित शपथ को पढ़ा जाये। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा पटेल जी की जीवनी, कार्य एवं दर्शन पर आधारित क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाये। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र तथा पुरूस्कार दिये जायें। जनसहभागिता के आधार पर सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा युवा कल्याण विभाग द्वारा युवक एवं महिला मंगल दलों के सहयोग से ग्रामीण युवाओं के बीच पटेल जयंती का आयोजन किया जाये।
सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती 31 अक्टूबर 2022 को शपथ ली जायेगी कि- मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाये रखने के लिये स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह सन्देश फैलाने का भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूं।
————
