कासगंज: राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग की जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन विकास भवन के विेवेकानन्द सभागार में किया गया। प्रदर्शनी में जनपद के प्रत्येक विकास खण्ड के चयनित विद्यालयों के दस-दस बच्चों ने अपने वैज्ञानिक मॉडलों का प्रदर्शन किया। अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं अन्य पुरूस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों की वैज्ञानिक कलाकृतियों का अवलोकन कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये उन्हें सराहा तथा बच्चों से हाथ मिलाकर उनकी हौसला अफजाई की। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र के साथ विज्ञान प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान बच्चों से उनकी वैज्ञानिक कलाकृतियों के सम्बन्ध में बातचीत कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों से कहा कि बच्चों में और अधिक वैज्ञानिक सोच उत्पन्न करें और गणित के प्रति उनमें रूचि पैदा करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने भी बच्चों के वैज्ञानिक मॉडलों की सराहना की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैंे। इसी का परिणाम है कि बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में मिशन कायाकल्प के अंतर्गत कराये गये कार्यों में पूरे उत्तर प्रदेश में जनपद कासगंज को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डायट डा0 जितेन्द्र सिंह, जिला समन्वयक/प्रभारी प्रशिक्षण गौरव सक्सैना एवं बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकायें एवं बच्चे उपस्थित रहे।
