जिलाधिकारी ने दिये आवश्यक तैयारी करने के निर्देश

कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित रूद्राक्ष सभागार में 01 जुलाई 2022 से शुरू होने वाले विशेष संचारी रोग अभियान तथा दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिये सीएमओ, समस्त एमओआईसी तथा सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिये गये।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग व दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिये 01 जुलाई से विशेष संचारी रोग अभियान तथा दस्तक अभियान चलाया जायेगा। सम्बन्धित विभागों के सहयोग से समन्वय बनाकर इस अभियान हेतु कार्य योजना बनाकर पूरे अभियान को सफल बनायें। 16 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर घर भ्रमण कर बीमार व्यक्तियों का चिन्हांकन किया जायेगा साथ ही दिमागी बुखार, खांसी जुकाम तथा संचारी रोगों से बचाव हेतु अभियान चलाकर सर्वे किया जायेगा तथा इन रोगों के त्वरित उपचार हेतु जनसामान्य को जागरूक किया जायेगा और इसकी रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराई जायेगी। कोई भी घर सर्वे से वंचित नहीं रहना चाहिये।

जिलाधिकारी ने कहा कि सम्बन्धित समस्त विभाग अपनी कार्य योजना सीएमओ कार्यालय में समय से उपलब्ध करा दें। उन्होंने डीपीआरओ को निर्देश दिये कि कोविड तथा संचारी रोगों की रोकथाम हेतु साफ सफाई, सेनेटाइजेशन, फागिंग कराने तथा जलभराव व गंदगी को दूर करने के लिये विशेष अभियान चलाया जाये। नालियों की साफ सफाई तथा इन्हें ढकने की व्यवस्था की जाये।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अनिल कुमार, समस्त एमओआईसी सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

———–

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *