आयोग के नियमों का पालन करते हुये निष्पक्षता और सतर्कता के साथ करायें मतगणना
कासगंज (सू0वि0)। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के तहत हुये मतदान की 02 मई को होने वाली मतगणना को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये बुद्ववार को विकास भवन के सभागार में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा अपरान्ह 01 बजे से 03 बजे तक दो पालियों में समस्त एसडीएम, खण्ड विकास अधिकारियों, समस्त निर्वाचन अधिकारियों तथा सहायक निर्वाचन अधिकारियों का मतगणना प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें मतगणना विधि, नियमों और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों को प्रोजेक्टर के माध्यम से विस्तार से बताया गया।
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ए0के0श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों का शतप्रतिशत पालन करते हुये मतगणना को पूर्ण व्यवस्थित ढंग से निष्पक्षता और सतर्कता के साथ पूर्ण कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि कोई बैलेट पेपर ऐसा मिलता है, जिसमें पीछे पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं हैं तो वह अमान्य होगा। बैलेट पेपर में मुहर के अलावा अन्य कोई निशान लगाया गया है तो भी वह अमान्य होगा। एक टेबिल पर एक ग्राम पंचायत के सभी पदों की गणना की जायेगी। प्रातः 8 बजे से मतगणना शुरू करा दी जायेगी। प्रत्येक टेबिल पर 05 मतगणना कार्मिक रहेंगे। सभी आर0ओ0 एवं एआरओ0 आयोग के नियमों का भलीभांति अध्ययन कर लें और निष्पक्षता से मतगणना कराना सुनिश्चित करें।
जिला विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी कार्मिक प्रशिक्षण पंचायत एस0एन0 श्रीवास्तव, समस्त एसडीएम, खण्ड विकास अधिकारी, समस्त निर्वाचन अधिकारी तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।
