मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का समस्त स्कूलों में दिखाया जायेगा सजीव प्रसारण। जिलाधिकारी द्वारा किया जायेगा स्कूल चलो रैली का शुभारंभ
कासगंज: उ0प्र0 बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित कक्षा 01 से 08 तक के विद्यालयों में छात्र छात्राओं के अधिकाधिक नामांकन को प्रोत्साहित किये जाने के उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान का संचालन विगत कई वर्षों से किया जा रहा है।
मा0 मुख्यमंत्री जी उ0प्र0 द्वारा 04 अप्रैल 2022 को स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ प्रातः 10 बजे जनपद श्रावस्ती से किया जायेगा। कार्यक्रम का सीधा सजीव प्रसारण जनपद कासगंज के समस्त परिषदीय विद्यालयों में छात्र छात्राओं, शिक्षकों व अभिभावकों को दिखाया जायेगा। जनपद कासगंज के 710 परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास-एलईडी व प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया जायेगा। शेष विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों द्वारा व्यवस्था कर उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया जायेगा।
जनपद स्तर पर जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र व अन्य जनपदीय अधिकारियों की मौजूदगी में विकास खण्ड सोरों के उच्चतर प्राथमिक विद्यालय, चन्द्रपुरा गऊपुरा में स्कूल चलो अभियान रैली का शुभारंभ किया जायेगा तथा एलईडी के माध्यम से मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया जायेगा।
उक्त जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार द्वारा दी गई है।