14 जून से 21 जून तक मनाया जायेगा अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह।
कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जनपद में 21 जून 2022 को मनाये जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुये कहा कि योग दिवस को पूर्ण व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिये सभी व्यवस्थायें समय से पूर्ण कर लें। 14 जून से 21 जून तक अंतर्राष्ट्रीय अमृत योग सप्ताह मनाया जायेगा। जनपद कासगंज में 21 जून को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में 02 लाख जनसामान्य को प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक योगाभ्यास कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसका शुभारंभ 14 जून को श्रीगणेश इंटर कालेज कासगंज से किया जायेगा। विकास खण्डों में 21 जून को योग कार्यक्रम कराया जायेगा।
समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को 2 लाख, 51 हजार लोगों को योग कराने का लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है। बीएसए और जिला विद्यालय निरीक्षक शीघ्र अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत कर दें कि किस विद्यालय में किस दिन योग कराया जायेगा।
योग कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले प्रतिभागी सफेद ड्रेस पहनें। कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी प्वाइंट बनवाये जायें। अधिकारियों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाये। जनसामान्य को योगाभ्यास कराने के बाद आयुष कवच एप पर अपलोड भी कराया जाना है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, डीपीआरओ, बीएसए, डीआईओएस, कालेजों के प्रबंधक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं सभी उपजिलाधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
