कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि 24 से 26 जनवरी 2023 तक उत्तर प्रदेश दिवस को जनसहभागिता के साथ समारोह पूर्वक मनाया जायेगा। जिसमें सभी विभागों द्वारा सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी। उत्तर प्रदेश दिवस आयोजन की मुख्य थीम निवेश एवं रोजगार है। गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जिला स्तर पर उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन विकास खण्ड कासगंज परिसर में किया जायेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि समारोह के आयोजन में निवेश एवं रोजगार, डिजिटल उत्तर प्रदेश, साइबर सुरक्षा, प्राकृतिक कृषि, उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, एमएसएमई, नगरीय विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा उद्यमियों, व्यवसाइयों एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों तथा नवीन कृषि तकनीकों पर आधारित प्रदर्शनी के अतिरिक्त मोटे अनाज से बने खाद्य पदार्थों की प्र्रदर्शनी भी लगाई जाये। किसान सम्मेलन, आशा सम्मेलन, स्वयं सहायता समूहों, ग्रामोद्योग विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र आदि देकर लाभांवित कराया जाये। उत्तर प्रदेश दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी कराया जाये।

आधुनिक उत्तर प्रदेश की संस्कृति, आर्थिक विकास और शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में जनपद स्तर के प्रतिभावान कलाकारों, शिल्पकारों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान, मजदूर, महिलाओं, युवाओं तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र वितरित देकर सम्मानित किया जायेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग इस कार्यक्रम में सहभागिता करें। सभी अधिकारी समारोह मे अपनी योजनाओं की जानकारी दें और लाभार्थियों को लाभांवित करायें तथा टीम भावना के साथ अच्छे ढंग से समारोह को सफल बनायें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार दुबे, मुख्य चिकित्साधिकारी तथा समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *