14 अप्रैल से 14 मई तक सूर्य अपनी उच्च राशि यानी मेष में रहेगा। अक्षय तृतीया तक मंगल की राशि में सूर्य के रहने से देश में राजनीतिक और प्रशासनिक बदलाव होने के योग बन रहे हैं। इसके साथ ही मिथुन, कर्क, वृश्चिक और कुंभ राशि वालों के लिए सूर्य का राशि परिवर्तन शुभ रहेगा। वहीं, वृष, कन्या, मकर और मीन राशि वाले लोगों के लिए जॉब और बिजनेस में मुश्किल समय हो सकता है। इनके अलावा मेष, सिंह, तुला और धनु राशि वाले लोगों के लिए समय सामान्य रहेगा।
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र बताते हैं कि ज्योतिर्विज्ञान में सूर्य को सभी ग्रहों का राजा माना जाता है। सूर्य के शुभ असर से सेहत संबंधी परेशानी दूर होती है। आत्मविश्वास बढ़ता है। सरकारी काम पूरे हो जाते हैं। जॉब और बिजनेस में तरक्की मिलती है। बड़े लोगों और अधिकारियों से मदद मिलती है और सम्मान भी बढ़ता है। वहीं सूर्य के अशुभ असर के कारण नौकरी और बिजनेस में रुकावटें आती हैं। नुकसान भी होता है। बड़े लोगों से विवाद हो सकता है। आंखों से संबंधित परेशानी होती है। सिरदर्द भी होता है। कामकाज में रुकावटें आती हैं। विवाद और तनाव भी रहता है।
मिथुन, कर्क, वृश्चिक और कुंभ राशि के लिए अच्छा समय मिथुन, कर्क, वृश्चिक और कुंभ राशि वाले लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। इन राशि वालों को किस्मत का साथ मिल सकता है। दुश्मनों पर जीत मिलने के योग बन बनेंगे। रुका हुआ पैसा मिल सकता है। सोचे हुए बड़े काम भी हो सकते हैं। प्रॉपर्टी और आर्थिक मामलों में फायदे वाला समय रहेगा। जॉब और बिजनेस में तरक्की मिल सकती है। सेहत के लिए भी समय अच्छा रहेगा।
मेष, सिंह, तुला और धनु राशियों के लिए मिला-जुला समय सूर्य के राशि बदलने पर मेष, सिंह, तुला और धनु राशि वालों के लिए मिला-जुला समय रहेगा। इन 4 राशि वालों के काम तो पूरे होंगे, लेकिन मेहनत भी ज्यादा रहेगी। खर्चा और तनाव बढ़ सकता है। रोजमर्रा के कामों में विवाद के हालात बन सकते हैं। साथ ही धन लाभ भी हो सकता है। कई मामलों में सितारों का साथ मिल सकता है। सेहत संबंधी परेशानी भी हो सकती है।
वृष, कन्या, मकर और मीन राशि के लिए मुश्किल समय सूर्य के राशि परिवर्तन होने से वृष, कन्या, मकर और मीन राशि वाले लोगों की जॉब और बिजनेस में मुश्किल समय हो सकता है। सूर्य के कारण विवाद और तनाव बढ़ सकता है। इन 5 राशि वालों को संभलकर रहना होगा। सूर्य के अशुभ प्रभाव से कामकाज में रुकावटें आ सकती हैं। विवाद होने की आशंका है। धन हानि और सेहत संबंधी परेशानियां भी हो सकती हैं। नए काम की शुरुआत करने से बचना होगा। कर्जा न लें। कामकाज में लापरवाही और जल्दबाजी करने से भी बचना चाहिए।
क्या करें अशुभ प्रभाव से बचने के लिए सूर्य के अशुभ असर से बचने के लिए पीपल और मदार के पौधे में पानी डालना चाहिए। शुभ फल बढ़ाने के लिए सूर्योदय से पहले उठकर सूर्य को प्रणाम करें। तांबे के बर्तन से सूर्य को जल चढ़ाएं। जिन राशियों पर सूर्य का मिला-जुला असर पड़ेगा उन लोगों को पानी में लाल चंदन मिलाकर सूर्य को चढ़ाना चाहिए। सूर्य को लाल फूल चढ़ाएं। गुड़हल का फूल चढ़ाने से सूर्य संबंधी दोष खत्म हो जाते हैं।