शुक्र ग्रह शनिवार को धनु राशि में मार्गी हो गया। इससे पहले ये 19 दिसंबर को वक्री हुआ था। यानी 41 दिन तक टेढ़ी चाल चलने के बाद अब सीधी चाल से चलेगा। इससे शुक्र के शुभ फल और बढ़ जाएंगे। इस ग्रह के शुभ प्रभाव से सुख, फायदा और इनकम बढ़ती है। ये ग्रह भौतिक सुख-सुविधाओं के साथ ही विलासिता भी देता है। इस ग्रह के प्रभाव से कपड़ा मार्केट में खरीदारी बढ़ने के योग हैं।

पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र बताते हैं कि ग्रहों के परिवर्तन जातकों के लिए आत्मविश्वास और विश्लेषणात्मक क्षमताओं में वृद्धि करते हुए अच्छी तरह से विकसित करेगी। इससे रचनात्मक और अच्छे बदलाव लाने की स्थिति के आसार है।

शुक्र 23 की बजाय 60 दिन में बदलेगा राशि
डॉ. मिश्र के मुताबिक शुक्र ग्रह 23 दिन में राशि बदलता है। लेकिन इस बार वक्री चाल की वजह से ये ग्रह धनु राशि में 60 दिन तक रहेगा। अब 27 फरवरी को ये मकर राशि में आएगा। जब शुक्र ग्रह वक्री या मार्गी होता है, तो इसका प्रभाव लोगों की आय और फायदे के साथ ही व्यवहार और स्वभाव पर पड़ता है। इस कारण कई लोगों को शुक्र के प्रभाव से फायदा मिलेगा।

ग्रहों की हलचल से होंगे बड़े बदलाव
डॉ. मिश्र का कहना है कि सूर्य का सबसे निकटतम ग्रह बुध मकर राशि में सूर्य के साथ होने से अस्त की स्थिति में है। ये ग्रह 29 जनवरी को पूर्व दिशा में शाम 6:20 बजे उदय होगा। बुध ग्रह वाणी और बुद्धि का कारक है। जो अगले महीने 4 फरवरी को सुबह 9.16 पर मकर राशि में सीधी चाल चलेगा। सूर्य मकर से कुंभ में 13 फरवरी को प्रवेश करेगा, जबकि बुध मकर राशि में ही रहेगा।

सूर्य से एक राशि की दूरी होने पर बुध पूर्ण रूप से अपने प्रभाव में आ जाएगा। शुक्र के मार्गी और बुध के उदित व मार्गी होने पर मौसम में बदलाव आने लगेगा। तेज सर्दी से राहत मिलनी शुरू होगी। कृषि और व्यापार की स्थिति भी धीरे-धीरे बेहतर होती जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान और कृषि उपकरणों की बिक्री भी बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *