देवगुरु बृहस्पति की चाल बदल गई है। अब ये ग्रह वक्री स्थिति यानी टेढ़ी चाल से चलता हुआ मकर राशि में शनि के साथ आ गया है। एक महीने बाद 18 अक्टूबर को इसकी चाल बदलकर सीधी हो जाएगी। इसके बाद ये ग्रह 21 नवंबर को राशि बदलेगा। अभी गुरु मकर राशि में है। इस राशि में ये ग्रह नीच हो जाता है। यानी इसके शुभ फल में कमी आ जाती है। शनि और बृहस्पति की युति बनने से सात राशियों को संभलकर रहना होगा। वहीं 5 राशियों के लिए अच्छा समय रहेगा।
मकर राशि में नीचभंग राजयोग
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र बताते हैं कि मकर राशि का स्वामी शनि है और जब इस राशि में गुरु और शनि एकसाथ रहते हैं तो इस स्थिति में नीचभंग राजयोग बनता है। ऐसे में गलत काम करने से बचना चाहिए। क्योंकि गुरु ग्रह, ज्ञान और शनि न्याय के देवता हैं। इन दोनों ग्रहों के वक्री यानी उल्टी चाल से चलने पर शुभ फलों में कमी आएगी। जिसका असर देश-दुनिया के साथ ही सभी राशियों पर भी पड़ेगा।
बृहस्पति की चाल में बदलाव का 12 राशियों पर शुभ-अशुभ असर (डॉ. गणेश मिश्र के मुताबिक)
मेष: गुरु की चाल में बदलाव होने से आपको नाम और प्रसिद्धि दिलाएंगे। लेकिन कामकाज में बदलाव के योग भी हैं। नौकरी और बिजनेस में अनचाही स्थिति भी बन सकती है। कामकाज में मेहनत ज्यादा करनी पड़ेगी। किस्मत का साथ कम मिलेगा।
वृष: बृहस्पति के कारण किस्मत का भरपूर साथ मिलेगा। नौकरी के अवसर प्राप्त होंगे। आय के नए स्त्रोत प्राप्त होंगे। प्रेमपूर्वक जीवन जीने वालों के लिए यह समय अच्छा रहेगा। धार्मिक गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं।
मिथुन: गुरु की चाल में बदलाव होना इस राशि वालों के लिए ठीक नहीं है। नौकरी और बिजनेस में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। यात्राओं से बचना चाहिए। फालतू खर्चा बढ़ेगा और सेविंग खत्म हो सकती है। योजनाएं भी अधूरी रह सकती हैं।
कर्क: बृहस्पति की चाल में बदलाव होने से नौकरीपेशा लोगों को तरक्की के मौके मिल सकते हैं। इसके साथ वेतन में बढ़ोत्तरी की भी संभावना है। कारोबारियों के लिए शुभ और लाभकारी है। व्यापारिक साझेदारी में चल रहे विवाद खत्म होंगे।
सिंह: गुरु के राशि परिवर्तन के कारण नौकरीपेशा और बिजनेस करने वाले लोग विवाद में उलझ सकते हैं। कार्यक्षेत्र में तनाव और करिअर में परेशानियों को सामना करना पड़ सकता है। वाद-विवाद से आपको दूर रहना होगा।
कन्या: बृहस्पति की चाल बदलने से कार्यक्षेत्र में आपके काम की तारीफ होगी। बिजनेस में मुनाफा होने के योग हैं। निवेश के लिए समय अच्छा रहेगा। किस्मत का साथ मिलेगा। सेहत संबंधी परेशानियों में राहत मिलेगी।
तुला: गुरु के कारण नौकरी और बिजनेस में तनाव बढ़ सकता है। कामकाज की जगह में बदलाव होने के योग बन रहे हैं। दूर स्थानों की यात्राएं हो सकती है। राज की बातें उजागर होने की भी आशंका रहेगी। मेहनत ज्यादा करनी पड़ सकती है।
वृश्चिक: बृहस्पति के राशि बदलने से नौकरी और बिजनेस में आपकी जिम्मेदारियां बढ़ सकती है। मेहनत ज्यादा करनी पड़ेगी। किस्मत का साथ कम ही मिल पाएगा। मेहनत का फायदा कम ही मिल पाएगा। आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है। जीवनसाथी से मधुर संबंध बनेंगे।
धनु: गुरु की चाल में बदलाव होने से धन लाभ के योग बन रहे हैं। बैंक बैलेंस बढ़ने के संकेत हैं। पारिवारिक जीवन की कठिनाइयां कम हो सकती हैं। नौकरी और बिजनेस में तरक्की के योग बन रहे हैं। अधिकारियों से मदद मिलेगी।
मकर: बृहस्पति के कारण रोजमर्रा के कामों में रुकावटें आने के योग बन रहे हैं। भौतिक सुखों में कमी आ सकती है। दांपत्य जीवन में तनाव बढ़ेगा। निवेश के लिए समय ठीक नहीं है। सेहत संबंधी समस्या रहेगी। फालतू यात्राएं होंगी। संतान संबंधी चिंता बढ़ सकती है।
कुंभ: गुरु के कारण खर्चे बढ़ सकते हैं। बिजनेस में नुकसान के योग हैं। विवाद हो सकता है। दुश्मन परेशान करेंगे। सेहत संबंधी समस्या रहेगी। माता की सेहत को लेकर चिंता बढ़ेगी। पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद हो सकता है। इसमें आपको नुकसान होने के योग बन रहे हैं।
मीन: बृहस्पति के राशि परिवर्तन से अचानक धन लाभ होने के योग बन रहे हैं। समय अच्छा रहेगा। नौकरी और बिजनेस में किए गए कामों का पूरा फायदा भी मिलेगा। रोजमर्रा के कामों से भी फायदा होगा। अधिकारियों से तारीफ मिलेगी। दांपत्य जीवन का सुख बढ़ेगा। पराक्रम बढ़ेगा। परिवार वालों से सहयोग मिलेगा।