कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाले इस ग्रहण का धार्मिक महत्व नहीं, लेकिन मौसम में होंगे बदलाव

इस साल का आखिरी चंद्र ग्रहण 19 नवंबर यानी कार्तिक पूर्णिमा पर होगा, जबकि 4 दिसंबर को सूर्य ग्रहण होगा। दोनों ही ग्रहण एक पखवाड़ा में होंगे। चंद्र ग्रहण वृष राशि और कृत्तिका नक्षत्र में होगा। 19 तारीख को होने वाला चंद्र ग्रहण आंशिक रूप से अरुणाचल प्रदेश और असम के कुछ हिस्सों में बहुत कम समय के लिए दिखेगा। जबकि पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका, आस्ट्रेलिया, अटलांटिक और पैसेफिक महासागर में ये साफ दिखेगा। ये ग्रहण जहां नहीं दिखेगा, वहां सूतक मान्य नहीं रहेगा पर ज्योतिषियों का मत है कि इसका असर मौसम और राशियों पर जरूर पड़ेगा।

अगला ग्रहण 4 दिसंबर को
जीवाजी वेधशाला उज्जैन के अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र प्रकाश गुप्त बताते हैं कि इस चंद्र ग्रहण के बाद अगला ग्रहण 15 दिनों में ही यानी उसी पखवाड़े में 4 दिसंबर मार्गशीर्ष अमावस्या पर होगा। ये पूर्ण सूर्य ग्रहण रहेगा। साथ ही ये इस साल का आखिरी ग्रहण होगा। लेकिन भारत में नहीं दिखाई देने से इसका महत्व नहीं है। इसके बाद साल 2022 में 16 मई को अगला चंद्र ग्रहण होगा। वो भी भारत में नहीं दिखेगा। इस ग्रहण के कारण मौसमी बदलाव भी होंगे।

ग्रहण काल में भी पूजन
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र के मुताबिक शुक्रवार कार्तिक पूर्णिमा पर भारतीय समयानुसार ग्रहण सुबह 11.30 बजे से शाम 5.35 तक रहेगा। लगभग पूरे देश में ये ग्रहण नहीं दिखाई देने से इसका सूतक भी मान्य नहीं होगा। मंदिरों व घरों में पूजा की जा सकेगी। पूर्णिमा पर ग्रहण का प्रभाव न होने से दान-पुण्य के लिए ये दिन श्रेष्ठ रहेगा। उन्होंने बताया कि ग्रहण के बाद दो-तीन दिन के भीतर मौसमी बदलाव दिखेगा। जिससे देश के उत्तरी हिस्सों में बर्फबारी और बूंदाबांदी के साथ तेज हवा चल सकती है।

भविष्यवाणी: डॉ. मिश्र बताते हैं कि इस चंद्र ग्रहण के कारण भारत के कुछ हिस्सों सहित चीन, नेपाल या रूस में भूकंप के झटके महसूस हो सकते हैं। मौसम में अनचाहे और नुकसान देने वाले बदलाव हो सकते हैं। देश में खंड वृष्टि यानी कुछ हिस्सों में बारिश होने की आशंका है। राजनीति में विवादित बयान दिए जाएंगे। दुर्घटनाएं होने का अंदेशा है। सीमा पर विवाद और तनाव को माहौल रहेगा। लोगों में मानसिक तनाव और अनजाना डर भी बढ़ेगा।

जानिए… किस राशि पर क्या होगा इस ग्रहण का असर (डॉ. गणेश मिश्र के मुताबिक)
मेष- धन हानि के योग हैं।
वृष- मानसिक तनाव और शारीरिक परेशानी बढ़ सकती है।
मिथुन- वाहन सावाधानी से चलाएं। दौड़-भाग और तनाव वाला समय रहेगा।
कर्क- कार्यक्षेत्र में सफलता के योग हैं।
सिंह- नौकरी और बिजनेस में तरक्की के योग हैं।
कन्या-आत्म विश्वास बढ़ेगा।
तुला- सेहत का ध्यान रखें। लोगों से मन-मुटाव हो सकता है। तनाव बढ़ेगा।
वृश्चिक- धन लाभ और कामों में सफलता के योग हैं।
धनु- आय के नए साधन बनेंगे। दुश्मनों पर जीत मिलेगी।
मकर-परिवार में सुख-समृद्धि बढ़ेगी।
कुंभ-व्यापार में लाभ में कमी होगी। माता की सेहत को लेकर चिंता बढ़ेगी।
मीन-निर्णय सोच-समझ कर लें। मेहनत ज्यादा होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *