16 नवंबर से 16 दिसंबर तक सूर्य वृश्चिक राशि में रहेगा। इस राशि परिवर्तन का असर देश-दुनिया और सभी राशियों पर पड़ेगा। ज्योतिर्विज्ञान में सूर्य को सभी ग्रहों का राजा माना जाता है। सूर्य के शुभ असर से सेहत संबंधी परेशानी दूर होती है। आत्मविश्वास बढ़ता है। सरकारी काम पूरे होते हैं। जॉब और बिजनेस में तरक्की के साथ बड़े लोगों और अधिकारियों से मदद मिलती है। इसके अशुभ असर के कारण नौकरी और बिजनेस में रुकावटें आती हैं। नुकसान और बड़े लोगों से विवाद होता है। आंखों से संबंधित परेशानी और सिरदर्द रहता है। कामकाज में विवाद और तनाव की स्थितियां बनती हैं।
त्रिग्रही योग से बढ़ सकती है परेशानियां
अब सूर्य अपनी नीच राशि से निकलकर मित्र राशि में आ गया है। साथ ही सूर्य पर शनि की वक्र दृष्टि भी अब नहीं रहेगी। अशुभ स्थितियों के खत्म होने पर अब सूर्य का शुभ फल बढ़ेगा। सूर्य के राशि परिवर्तन के 4 दिन बाद बुध भी वृश्चिक राशि में प्रवेश कर जाएगा। इस राशि में केतु पहले से ही मौजूद है। ऐसे में सूर्य-बुध के आ जाने से त्रिग्रही योग बनेगा। ग्रहों की इस स्थिति की वजह से देश में राजनीतिक और प्रशासनिक फैसलों से तनाव बढ़ सकता है। देश के कई हिस्सों में ठंड के साथ बारिश हो सकती है। बीमारियों का संक्रमण भी बढ़ने की आशंका है। बड़े पद पर बैठे लोगों में तनाव और डर बढ़ सकता है। पड़ोसी देशों से संबंध खराब हो सकते हैं।
4 राशियों के लिए शुभ समय
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र के मुताबिक मंगल की राशि में सूर्य के आ जाने से देश की अर्थव्यवस्था और प्रशासन में बड़े बदलाव होने के योग बन रहे हैं। साथ ही मिथुन, कन्या, मकर और कुंभ राशि वालों के लिए सूर्य का राशि परिवर्तन शुभ रहेगा। वहीं, मेष, सिंह और धनु राशि वाले लोगों के लिए जॉब और बिजनेस में मुश्किल समय हो सकता है। इनके अलावा कर्क, तुला, वृष, वृश्चिक और मीन राशि वालों के लिए सामान्य समय रहेगा।
मिथुन, कन्या, मकर और कुंभ राशि के लिए अच्छा समय
मिथुन, कन्या, मकर और कुंभ राशि वाले लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। इन राशि वालों को किस्मत का साथ मिल सकता है। दुश्मनों पर जीत मिलने के योग बन बनेंगे। रुका हुआ पैसा मिल सकता है। सोचे हुए बड़े काम भी हो सकते हैं। प्रॉपर्टी और आर्थिक मामलों में फायदे वाला समय रहेगा। जॉब और बिजनेस में तरक्की मिल सकती है। सेहत के लिए भी समय अच्छा रहेगा।
कर्क, तुला, वृष, वृश्चिक और मीन के लिए मिला-जुला समय
सूर्य के राशि बदलने पर कर्क, तुला, वृष, वृश्चिक और मीन राशि वालों के लिए मिला-जुला समय रहेगा। इन 4 राशि वालों के काम तो पूरे होंगे, लेकिन मेहनत भी ज्यादा रहेगी। खर्चा और तनाव बढ़ सकता है। रोजमर्रा के कामों में विवाद के हालात बन सकते हैं। साथ ही धन लाभ भी हो सकता है। कई मामलों में सितारों का साथ मिल सकता है। सेहत संबंधी परेशानी भी हो सकती है।
मेष, सिंह और धनु राशि के लिए मुश्किल समय
सूर्य के राशि परिवर्तन होने से मेष, सिंह और धनु वाले लोगों की जॉब और बिजनेस में मुश्किल समय हो सकता है। सूर्य के कारण विवाद और तनाव बढ़ सकता है। इन 5 राशि वालों को संभलकर रहना होगा। सूर्य के अशुभ प्रभाव से कामकाज में रुकावटें आ सकती हैं। विवाद होने की आशंका है। धन हानि और सेहत संबंधी परेशानियां भी हो सकती हैं। नए काम की शुरुआत करने से बचना होगा। कर्जा न लें। कामकाज में लापरवाही और जल्दबाजी करने से भी बचना चाहिए।
क्या करें अशुभ प्रभाव से बचने के लिए
सूर्य के अशुभ असर से बचने के लिए पीपल और मदार के पौधे में पानी डालना चाहिए। शुभ फल बढ़ाने के लिए सूर्योदय से पहले उठकर सूर्य को प्रणाम करें। तांबे के बर्तन से सूर्य को जल चढ़ाएं। जिन राशियों पर सूर्य का मिला-जुला असर पड़ेगा उन लोगों को पानी में लाल चंदन मिलाकर सूर्य को चढ़ाना चाहिए। सूर्य को लाल फूल चढ़ाएं। गुड़हल का फूल चढ़ाने से सूर्य संबंधी दोष खत्म हो जाते हैं।