ज्योतिष और खगोल विज्ञान के मुताबिक इस साल दो आंशिक सूर्य ग्रहण और दो पूर्ण चंद्र ग्रहण होंगे। अप्रैल में होने वाला सूर्य ग्रहण देश में नहीं दिखेगा। वहीं अक्टूबर में होने वाला सूर्य ग्रहण भारत के कई हिस्सों में दिखाई देगा। इसलिए इसका धार्मिक महत्व भी रहेगा। इनके अलावा मई में होने वाला पूर्ण चंद्रग्रहण भारत में नहीं दिखेगा। वहीं, नवंबर में होने वाला चंद्र ग्रहण देश के कुछ हिस्सों में थोड़े समय के लिए दिखाई देगा। ये ग्रहण जिन जगहों पर दिखेंगे वहां इनका धार्मिक महत्व और सूतक दोनों की रहेगा।

दो आंशिक सूर्य ग्रहण: एक दिखेगा भारत में

30 अप्रैल 2022, शनिवार: ये सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा। लेकिन उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका, प्रशांत और अटलांटिक महासागर के दक्षिणी हिस्सों में ये ग्रहण देखा जा सकेगा। इसलिए इन जगहों पर इस ग्रहण का असर रहेगा। भारतीय समय के मुताबिक ये आंशिक सूर्यग्रहण रात करीब 12:15 पर शुरू होकर सुबह 4:07 पर खत्म होगा। ये ग्रहण तकरीबन 4 घंटे का रहेगा।

25 अक्टूबर 2022, मंगलवार: ये सूर्य ग्रहण दीपावली के अगले दिन रहेगा। जो भारत में दिखाई देगा। इसलिए इसका धार्मिक महत्व भी रहेगा। लेकिन दीपावली पर होने वाली लक्ष्मी पूजा पर इसका असर नहीं रहेगा। वहीं ये ग्रहण यूरोप, उत्तरी अफ्रीका, पश्चिम एशिया, उत्तरी अटलांटिक महासागर, उत्तरी हिंद महासागर में दिखाई देगा। भारतीय समय के मुताबिक ये आंशिक सूर्यग्रहण दोपहर करीब 02:28 पर शुरू होकर शाम 6:32 पर खत्म होगा। ये ग्रहण तकरीबन 4 घंटे का रहेगा।

दो पूर्ण चंद्र ग्रहण: इसमें भी एक दिखेगा भारत में

16 मई 2022, सोमवार: ये पूर्ण चंद्र ग्रहण है। लेकिन सुबह शुरू होकर सुबह ही खत्म हो जाएगा। इसलिए भारत में नहीं दिखेगा। ये चंद्र भारतीय समय के मुताबिक सुबह करीब 7.57 पर शुरू होगा और 11.25 पर खत्म हो जाएगा। तकरीबन साढ़े तीन घंटे का ये चंद्र ग्रहण पश्चिमी यूरोप, अफ्रीका के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में, दक्षिणी अमेरिका, अंटार्कटिका, अटलांटिक और प्रशांत महासागर में दिखाई देगा।

8 नवंबर 2022, मंगलवार: इस दिन कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर चंद्र ग्रहण रहेगा। जो भारत में दिखाई देगा। इसलिए इसका धार्मिक महत्व भी रहेगा। लेकिन ये चंद्र ग्रहण भारत में दिन में ही शुरू हो जाएगा और चंद्रोदय होने के बाद थोड़ी देर में ही खत्म हो जाएगा। इसलिए रात में दीपदान और अन्य पूजा में रुकावट नहीं रहेगी। ये पूर्ण चंद्र ग्रहण भारतीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 2:38 पर शुरू होगा और शाम 6:19 तक रहेगा। भारत के अलावा ये ग्रहण उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी प्रशांत महासागर और हिंद महासागर में दिखाई देगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *