बुध ग्रह 10 दिसंबर को राशि बदलकर धनु में आ गया है और 29 तारीख तक इसी राशि में रहेगा। इस ग्रह की चाल में बदलाव होने से 5 राशियों के लिए अच्छा समय शुरू हो जाएगा। वहीं, मेष, तुला, धनु और मकर राशि वाले लोगों को संभलकर रहना होगा। इनके अलावा अन्य तीन राशियों के लिए मिला-जुला समय रहेगा।
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र बताते हैं कि बुध की राशि में बदलाव होने से पत्रकारिता, शिक्षा, लेखन, वाणी और वकालात से जुड़े लोगों की तर्क शक्ति बढ़ेगी। इन क्षेत्रों से जुड़े लोगों के जीवन में बड़े बदलाव के योग बन रहे हैं। कुछ लोगों के कामकाज में अचानक बदलाव की संभावना है।
बुध के राशि परिवर्तन के 6 दिन बाद बृहस्पति की राशि में सूर्य-बुध की युति होने से बुद्धि और ज्ञान बढ़ेगा। इन ग्रहों के प्रभाव से कई लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है। कुछ लोग नया और बड़ा निवेश करने की बड़ी योजनाएं बनाएंगे। बुध के प्रभाव से खरीदारी बढ़ेगी। इसके साथ ही शेयर बाजार में तेजी आने की संभावना है।
शुभ : वृष, कर्क, वृश्चिक, कुंभ और मीन राशि
धनु राशि में बुध के आ जाने से वृष, कर्क, वृश्चिक, कुंभ और मीन राशि वाले लोगों के लिए अच्छा समय रहेगा। इन राशियों के लोगों को जॉब और बिजनेस में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे। रुका हुआ पैसा मिलने के भी योग बन रहे हैं। लेन-देन और निवेश में फायदा हो सकता है। इसके अलावा इन राशियों के लोग बड़े कामकाज की योजनाएं बनाएंगे। इन लोगों की तर्क शक्ति भी बढ़ेगी।
सामान्य : मिथुन, सिंह और कन्या राशि
बुध के राशि परिवर्तन से मिथुन, सिंह और कन्या राशि वाले लोगों के लिए समय सामान्य रहेगा। इन तीन राशि वाले लोगों के सोचे हुए काम पूरे हो सकते हैं। कामकाज को लेकर नए और बड़े लोगों से मुलाकात हो सकती है। रोजमर्रा के कामों में मेहनत भी ज्यादा करनी पड़ेगी। दौड़-भाग बनी रहेगी। साथ ही लेन-देन और निवेश सोच-समझकर करना होगा। सेहत के मामलों में इन राशि वालों को संभलकर रहना होगा।
अशुभ : मेष, तुला, धनु और मकर राशि
धनु राशि में बुध के आने से मेष, तुला, धनु और मकर राशि वाले लोगों को संभलकर रहना होगा। इन चार राशियों के लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है। सेविंग खत्म होने और निवेश में नुकसान होने की आशंका है। लेन-देन में भी सावधानी रखनी होगी। किस्मत का साथ नहीं मिल पाएगा। नसों से संबंधी रोग हो सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों के कामकाज में बदलाव और स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं।

