बदायूँ शिखर

बदायूँ: 11 जुलाई। मानसून आते ही नदियां अपने उफान पर है। ऊपर से लगातार होती बरसात ने बाढ़ की चिंता और बढ़ा दी है। परंतु इस बार प्रशासन बाढ़ की तैयारियों को लेकर ज्यादा सजग है। इसी क्रम में बाढ़ से पूर्व की तैयारियों का निरीक्षण करने आयुक्त बरेली मण्डल बरेली एवं जनपद के नोडल अधिकारी रणवीर प्रसाद ने शनिवार को जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नरेन्द्र बहादुर सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ बाढ़ संभावित क्षेत्र कटरा सआदतगंज एवं पथरामई पहुंचे। उन्होंने बचे हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के आदेश दिए।
बाढ़ अभियन्ता केपी सिंह वर्मा ने बताया कि तटबंध पूरी तरह से सुरक्षित है, काफी कार्य हो चुका है, शेष कार्य भी युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है, जिससे बाढ़ आने पर किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होगी। बाढ़ संभावित क्षेत्रों में 03 बाढ़ चैकियाँ मौजूद हैं। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि बाढ चैकियों पर बाढ़ से सम्बंधित समस्त प्रकार की व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। अधिकारी एवं कर्मचारी सतर्क होकर होकर कार्य करें। किसी प्रकार की कोई हानि न होने पाए। टूटे बांधों की मनरेगा से मरम्मत कराएं। उन्होंने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों के गांवांे को बसानें के लिए सुरक्षित स्थानों का चिन्हांकन करले एवं भोजन की भी विशेष व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।
