बदायूँ । जिलाधिकारी दीपा रंजन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 विक्रम सिंह पुंडीर व अन्य अधिकारियों के साथ मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आपके द्वार आयुष्मान 2.0 अभियान एवं कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में बैठक की।
30 सितंबर तक आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत कॉमन सर्विस सेंटर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शिविर लगाकर आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाएं जा रहे हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि आशा, आंगनबाड़ी, कोटेदार सभी लोगों को इन शिविरों में लाकर उनका स्वास्थ्य कार्ड बनवाएं। जिन ग्रामों में आयुष्मान कार्ड कम बने हैं उन ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र लाभार्थी आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड से वंचित न रहे इसके लिए ब्लॉकवार माइक्रो प्लान तैयार कर युद्ध स्तर पर कार्य पूर्ण किया जाए। सभी उप जिलाधिकारी खंड विकास अधिकारी जिला पूर्ति अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी इस अभियान के अंतर्गत विशेष तौर पर सहयोग करें जिससे लाभार्थी को स्वास्थ्य उपचार के लिए पांच लाख रुपए तक की धनराशि का लाभ मुहैया कराया जा सके। इसमें जनपद के 14 प्राइवेट एवं 16 सरकारी अस्पताल शामिल है जहां आयुष्मान गोल्डन कार्ड के लाभार्थी अपना व अपने परिवार का पांच लाख रुपए तक का निशुल्क इलाज करा सकते हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि इसके अलावा मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य कार्ड भी बनाए जाते रहे।
वैश्विक महामारी कोरोनावायरस से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि 18 वर्ष की आयु से अधिक के लोगों का शत प्रतिशत टीकाकरण किया जाए। कोई भी व्यक्ति टीकाकरण से छूटने ना पाए। जिन गांवों में टीकाकरण लगभग पूर्ण हो चुका है वहां डुगडुगी बजाकर टीकाकरण कैंप अंतिम बार लगाया जाए जिससे कि शेष बचे लोगों का भी शत-प्रतिशत टीकाकरण हो सके। जिन गांवों में शत प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण हो चुका है उन गांवों के प्रधान कोटेदार एएनएम एवं आशा को सम्मानित किया जाए। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि लक्ष्य के अनुसार शत प्रतिशत टीकाकरण होता रहे जिससे कि इस खतरनाक बीमारी से लोग महफूज रह सके। जनपद में निरंतर कोविड-19 शिविर लगाकर टीकाकरण का कार्य जारी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *