बदायूँ (सू0वि0)। जिला उद्यान अधिकारी ने अवगत कराया है कि प्रदेश में गुणवत्तायुक्त शाकभाजी उत्पादन के लिये सम सामयिक महत्व के कीट का उचित समय पर प्रबंधन नितान्त आवश्यक है। वर्तमान में तना बेधक कीट तथा फल बेधक कीट द्वारा बैंगन, भिण्डी एवं कुकरबिट्स (कद्दू, लौकी, तोरई, करेला, टिण्डा, खीरा आदि) की फसलों को अत्यधिक क्षति पहुंचाने की सम्भावना होती है।
तना बेधक कीट बैंगन, भिण्डी एवं कुकरबिट्स (कद्दू, लौकी, तोरई, करेला, टिण्डा, खीरा) आदि की फसलों में तना में छेद कर हानि पहुंचाता है। क्षतिग्रस्त वाली जगहों पर भूरे रंग का गोंद जैसा स्राव निकलता है। प्रभावित गाॅठ के ऊपर की शाखाएं सूख जाती है। फल मक्खी फलों में डंक मार कर अण्डे देती है, जिससे सूडियां निकलकर फलांे को सडा देती हैं तथा फलों का आकार टेड़ा-मेड़ा छिद्रयुक्त हो जाता है।
उसका बचाव है कि तना बेधक/फल बेधक कीट क नियंत्रण हेतु कीट से प्रभावित सूखे तने एवं फल को तोड़कर जमीन में गाड़ देना चाहिये। ट्राइकोग्रामा के 2-3 कार्ड को प्रति हेक्टेयर साप्ताहिक अंतराल पर खेत में लगाने से कीट का प्रकोप कम होता है। 4 प्रतिशत नीम की गिरी (40 ग्राम नीमगिरी का पूर्ण एक लीटर में पानी में) का घोल बनाकर 10 दिन के अंतराल पर छिड़काव करना चाहिये। फल मक्खी के प्रकोप को रोकने के लिये मैलाथियाॅन 50 ई0सी0 2 मिली लीटर प्रति लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करें, अगर फल मक्खी का प्रकोप सतत् हो तो 10 दिन के अंतराल पर दोबारा छिड़काव दोहरायें। मटमैले-भूरे रंग के महीन कीट जिन्हें चैक या मोयला (एफिडस) के नाम से जाना जाता है। यह पत्तियों का रस चूसकर फसल की वृद्धि एवं उत्पादन को प्रभावित करते हैं। इनके नियंत्रण के लिये इमिडाक्लोरपिड 200 एस.एल. 0.3 मिली लीटर प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करना चाहिये। 10 मीटर के अंतराल पर फेरोमेन ट्रेप-100 प्रति हेक्टेयर की दर से लगाकर वयस्क नर नष्ट कर देना चाहिये।
कीटनाशक के प्रयोग में बरती जाने चाली सावधानियाँ
कीटनाशक के डिब्बों को बच्चों व जानवरों की पहुंच से दूर रखना चाहिये। कीटनाशक का छिड़काव करते समय हाथों में दस्ताने, मुॅह को मास्क व आॅखों को चश्मा पहनकर ढक देना चाहिए, जिससे कीटनाशी त्वचा व आॅखों में न जाय। कीटनाशक का छिड़काव शाम के समय जब हवा का बेग अधिक न हो तब करना चाहिए अथवा हवा चलने की विपरीत दशा में खड़े होकर करना चाहिए। कीटनाशक के खाली पाउच/डिब्बों को मिट्टी में दबा देना चाहिये।
