मकर संक्रांति पर भाजपाई दलित बस्तियों में करेंगे खिचड़ी समरसता सहभोज : सदस्यता अभियान के अंतर्गत बदायूँ जिले में भाजपा परिवार में एक लाख साठ हज़ार की रिकॉर्ड वृद्धि : राजीव कुमार गुप्ता
बदायूँ : भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को आगामी कार्यक्रम के निम्मत महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत आगामी पांच प्रकार के संपर्क अभियान चलाएगी। सभी सम्पर्क अभियान अपने- अपने क्षेत्र में 10 जनवरी से शुरू होंगे और चुनाव तक निरंतर चलते रहेंगे। 1- लाभार्थी संपर्क अभियान में कार्यकर्ता घर- घर जाकर लाभार्थियों से संपर्क करेंगे और लाभार्थियों के कुमकुम तिलक लगाएंगे एवं पार्टी का हैंडबिल भी सौपेंगे। साथ ही लाभार्थी के घर पर ”पूरी हुई हर आस- घर घर हुआ विकास” का स्टीकर भी लगाएंगे। 2- महिला संपर्क अभियान में महिला कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर महिलाओं से संपर्क करेंगी एवं गांव में महिला कार्यकर्ता एकत्रित होकर महिला संगीत का सामूहिक कार्यक्रम करेंगी एवं भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान एवं आत्म निर्भर बनाने हेतु किये गए कार्यों की चर्चा करेंगी। 3- अनुसूचित समाज संपर्क अभियान में अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर टोली बनाकर समाज के लोगों से संपर्क करेंगे एवं विपक्ष के दुष्प्रचार से सावधान रहने, भाजपा का समर्थन करने का आग्रह करेंगे। 4- ओबीसी समाज संपर्क अभियान में पिछड़ा मोर्चा के कार्यकर्ता टोली बनाकर गांव में घर- घर जाकर समाज के लोगों से सम्पर्क करेंगे एवं भाजपा सरकार द्वारा पिछड़े वर्ग के उत्थान हेतु किये गए कार्यों की चर्चा करेंगे। 5- प्रबुद्ध समाज संपर्क एवं संवाद में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा समाज में रहने वाले प्रबुद्ध लोगों से संपर्क कर आने वाले चुनावों में उनका समर्थन मांगेंगे। आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर जिले के 449 शक्ति केन्द्र पर खिचड़ी समरसता सहभोज का आयोजन दलित बस्तियों में किया जायेगा जिसमें सभी पुरूष एवं महिला लाभार्थियों को आमंत्रित किया जायेगा। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा पार्टी ने विशेष सदस्यता अभियान 01 नवम्बर से आरम्भ किया गया था जिसके अंतर्गत बदायूँ जिले ने आज तक 1 लाख 60 हजार नये सदस्य बनाकर पार्टी का विस्तारीकरण किया है। इस मौके पर वरिष्ठ नेता अजीत वैश्य ,जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, एमपी सिंह राजपूत, अरुण प्रकाश, शैलेंद्र मोहन शर्मा, सुखदेव राठौर, गिरीशपाल सिंह, राघवेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य, ज्ञानेंद्र चौहान, अमित सिंह उपस्थित रहे।