बदायूँ शिखर सम्वाददाता
बदायूं । दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बदायूं की शेखूपुर विधानसभा पहुंचे। यहां उन्होंने कादरचौक में सभा को संबोधित किया। शेखूपुर के साथ-साथ जिले की सभी छह विधानसभा सीटों के लिए वोट मांगे।
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने जय श्री राम व जय हनुमान के जयकारे के साथ संबोधन शुरू किया। डिप्टी ने सपा, बसपा, कांग्रेस के गठबंधन को नागनाथ, सांपनाथ कहा। कहा कि जब सभी ने मिलकर बदायूं में 2019 में कमल खिला दिया। अब तो गठबंधन अलग-थलग है। जिस गाड़ी में सपा का झंडा उसमे बैठा बड़ा गुंडा। सपा सरकार में गुंडे पुलिस से नहीं डरते थे। गुंडे सरकार चलाते थे। आज भाजपा सरकार में दशा बदल गई। सड़क, बिजली, कानून व्यवस्था सुधर गई। राशन वितरण की चर्चा करते हुए कहा कि हम राशन के साथ तेल, दाल, नमक दे रहे हैं। किसानों को हर साल 6000 रुपये दे रहे हैं। मोदी जी ने कहा था न खाऊंगा न खाने दूंगा। गरीबों को लूटने वालों से वसूल कर वापस कर देंगे।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव और कंपनी चुनाव की पिकनिक मनाने आ गए हैं। सपा से अपराधी-गुंडे निकल जाए तो सपा नहीं बचेगी। 10 मार्च को जब वोटों की गिनती होने के बाद छोटे-छोटे गुंडे बचे हैं, उनके लिए बुलडोजर तैयार है। माफिया के कब्जे से जमीन जो खाली हुई है उसमें गरीबों को मकान बनाकर दे रहे हैं। पहले एक भी सरकारी नौकरी बिना रिश्वत के नहीं मिलती थी। हमने साढ़े चार लाख नौकरी दी, किसी का एक रुपये नहीं देना पड़ा। सपा, बसपा बदायूं को अपनी राजधानी समझते थे। अब विपक्ष मुद्दा विहीन है। वह सत्ता में आने पर गुंडई, भ्र्ष्टाचार करते हैं। भाजपा का कमल यूपी के लोगों के सुरक्षा की गारंटी है। अबकी भाजपा की सरकार बनने पर सैफई महोत्सव नहीं होगा न तो ऑस्ट्रेलिया महोत्सव होगा।अखिलेश यादव कोरोना वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन कहते थे। 14 को अखिलेश यादव को वैक्सीन की बूस्टर डोज जनता लगाएगी। पहले महामारी में टीका विदेश से आता था। आज देश वैक्सीन में भी आत्मनिर्भर है। 100 में 60 हमारा है, 40 में बंटवारा, उसमें भी हमारा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीब-अमीर, हिन्दू-मुसलमान एक समान। मुफ्त बिजली, गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत में पांच लाख का मुफ्त उपचार दिलाया है। हर जिले में समान रूप से विकास हो रहा है। पूरा प्रदेश परिवार की तरह है। ईवीएम को कमल के फूल से लबालब कर दीजिए। बूथ पर जाकर डट जाएं, किसी का वोट बचना नहीं चाहिए। पांच साल टेलर था, अबकी बार पूरी फिल्म दिखाएंगे। वोट के रूप में कर्ज चाहिए। विकास के रूप में गरीबों का उत्थान कर ब्याज सहित वापस करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ भाषण खत्म किया।