बदायूं  : रंजिश के चलते कुछ लोगों ने युवक को सोमवार रात घर में घुसकर गोली मार दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। इधर, तीन लोगों पर गोली मारने का आरोप है, जिनमें दो को पहचानने का दावा भी घायल ने किया है। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

घटना बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बेहटा जबी में हुई। यहां रहने वाले उमेश सिंह चौहान 42 वर्ष का उनके कुछ रिश्तेदारों से विवाद चल रहा है। सोमवार रात लगभग आठ बजे उमेश पास के गांव उलइया निवासी अपने रिश्तेदार के घर से लौटे थे और घर आकर चारपाई पर लेटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तीन लोग घर में घुस आए और उमेश पर फायर झोंक दिया।

बकौल उमेश इनमें दो को उन्होंने पहचान लिया। एक पास के गांव सतेती का रहने वाला है, जबकि दूसरा उनके ही गांव का है। तीसरे को अंधेरे के कारण पहचान नहीं सके। फायर की आवाज सुनकर परिजन भी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस घायल को अस्पताल लेकर आई और भर्ती करा दिया। साथ ही एक आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि फिलहाल मामला आपसी रंजिश का सामने आया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *