बदायूं :  जिले में एक शख्स ने अपने ससुर की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव भुसाया में गुरुवार आधी रात को 60 वर्षीय रामसिंह की उसके ही घर में गला काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने संभल जिले के थाना बहजोई के गांव के मंडनपुर निवासी दामाद जमुना प्रसाद को हिरासत में ले लिया है।

करीब 25 साल पहले रामसिंह ने अपनी बेटी गुड़िया की शादी जमुना प्रसाद से की थी। आरोप है कि जमुना प्रसाद शराब पीकर पत्नी गुड़िया से मारपीट करता था। चार महीने पहले गुड़िया पिता के घर आकर रहने लगी थी।

कुछ दिन वह अपने भाई के पास पंजाब के रोपड़ में जाकर भी रही तो कुछ दिन पहले फिर भुसाया आ गई थी। जमुना प्रसाद अपनी पत्नी गुड़िया को बार-बार बुलाने आता था और रामसिंह बेटी को भेजने से मना कर देता था।

गुस्से में भरा जमुना प्रसाद गुरुवार रात दीवार कूदकर ससुराल में दाखिल हुआ और ससुर की फरसे से गला काटकर हत्या कर दी। खामोशी से वह फरार भी हो गया। रात में ही वह पैदल-पैदल गांव के रास्ते आठ किमी दूर अपने गांव मंडनपुर जा रहा था।

रिसाटा गांव के लोगों ने खून से सने कपड़े पहनकर हाथ में फरसा लेकर जाते व्यक्ति को देखा तो पकड़ लिया। पूछताछ में उसने गोलमोल जवाब दिए। ग्रामीणों ने सूचना दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर फरसा भी बरामद कर लिया।

उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उसने कुछ समय पहले ही बेटी की शादी की थी। दो बेटे हैं जिन्हें पत्नी गुड़िया साथ में मायके ले आई थी। आरोपी ने ससुराल में आठ बीघा जमीन भी खरीद ली थी जिसे पेशगी पर उठाता था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *