BUDAUN SHIKHAR
बदायूँ
बदायूँ : 21 नवम्बर। उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री सुरेश खन्ना को मेडीकल कॉलेज के निरीक्षण में बहुत सारी कमियां एक साथ नज़र आ गईं। कहीं प्लास्टर चटक रहा था तो कहीं टाइल ठीक से नहीं लगे थे। उन्होंने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों की कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि यह क्या कर रखा है, इसे जल्द से जल्द ठीक करें। अभी पूरा बना भी नहीं है और अभी से बिगड़ रहा है। यह कमियाँ अगली बार से नज़र नहीं आनी चाहिए।
गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री सुरेश खन्ना हेलीकॉपटर से पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे। यहां जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी सहित भाजपा के पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। तत्पश्चात उन्होंने यू.पी. सिडको के चेयरमैन(दर्जा राज्यमंत्री) बीएल वर्मा के पुत्र प्रभात के विवाह समारोह में पहुंचकर नव दम्पती को आर्शीवाद दिया। तत्पश्चात उन्होंने निर्माणधीन मेडीकल कॉलेज में इमरजेंसी एवं ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया। मेडीकल कॉलेज के प्रिंसपल ने उन्हें अवगत कराया मेडीकल कॉलेज की बिल्डिंग निर्माणाधीन है, इस वजह से कार्य अधूरे हैं। तीन मंजिल बन चुका है, चार मंजिल का कार्य बाकी है। उन्होंने निर्माणाधीन बिल्डिंग को देखा तो उन्हें कई सारी कमियां एक साथ नज़र आ गईं। उन्होंने देखा कि कहीं प्लास्टर चटक रहा है तो कहीं टाइल ठीक से नहीं लगे थे। उन्होंने मौके पर ही मौजूद कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा यह क्या कर रखा है, इसे जल्द से जल्द ठीक करें। अभी पूरा बना भी नहीं है और अभी से बिगड़ रहा है। यह कमियाँ अगली बार से नज़र नहीं आनी चाहिए। कॉलेज के शौचालयों में गंदगी देख भड़क गए। उन्होंने कहा कि इस कदर गंदगी है सफाई का ख्याल नहीं रखा जाता है। उन्होंने प्रिंसपल आरपी सिंह को निर्देश दिए कि मेडीकल कॉलेज का नियमित निरीक्षण करें। गंदगी मिलने पर सफाई कर्मचारी का वेतन काटा जाए। इसके अलावा उन्होंने वित्त विभाग के अधिकारियों को भी बिल्डिंग का निर्माण जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी हरीश चन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।