बदायूँ (सू0वि0)। जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा व नगर पालिका चेयरमैन दीपमाला गोयल के साथ शकील बदायूँनी पार्क का जायजा लिया। डीएम ने व्यापार मण्डल के अध्यक्ष वीरेन्द्र धींगड़ा को शकील बदायूँनी पार्क में लाइट, बैठने की व्यवस्था, टाइल्स, फव्वारा, पौधारोपण जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि शकील बदायूँनी ने फिल्मों में गीत लिखकर बदायूँ का नाम सारी दुनिया में मशहूर कर दिया और बाॅलीवुड में बदायूँ को आज भी शकील बदायूँनी के नाम से जाना जाता है। आज भी दुनियाभर में उनके मशहूर गानों को सुना जाता है। शकील साहब अपने नाम के साथ बदायूँनी लगाकर जनपद को विश्व में एक बड़ी पहचान दिलाई। ऐसे महान शायर की याद में बनाए गए इस पार्क का बेहतर ढंग से सौंदर्यकरण कराया जाए। डीएम ने निर्देश दिए कि शकील बदायूँनी के आस-पास कोई ठेला-खोमचा नहीं लगना चाहिए, ताकि इसमें प्रवेश का द्वार दूर से दिखाई दे, साथ ही डीएम ने निर्देश दिए कि राजकीय महिला महाविद्यालय के पास पड़ी नगर पालिका की ज़मीन पर वाहन पार्किंग एवं शौचालय बनवाए जाए।