बीजिंग, एएनआइ। चीन के शिनजियांग प्रांत में नियोजित तरीके से उइगर मुस्लिम ही नहीं पूरे मुस्लिम समाज के ही अस्तित्व को समाप्त किए जाने की योजना पर काम चल रहा है। यहां की सबसे बड़ी मस्जिद के इमाम को 2017 से जेल में बंद किया हुआ है। यह जानकारी ऐसे समय में आई है, जब अमेरिका व पश्चिमी देशों ने शिनजियांग में उइगर मुस्लिमों के अत्याचार को नरसंहार की संज्ञा दी है। यहां पर अब मुस्लिमों की ऐसी जमात तैयार की जा रही है, जिनकी विचारधारा पूरी तरह कम्युनिस्ट पार्टी की हो। उन्हीं के माध्यम से चीन अपनी छवि साफ करने का प्रयास कर रहा है।

क्योडो न्यूज के अनुसार शिनजियांग प्रांत के काश्गर शहर में ईदगाह मस्जिद देश की सबसे बड़ी मस्जिद है। इसमें बीस हजार तक नमाजी एक साथ नमाज कर सकते हैं। यहीं के इमाम को चीन ने पहले अपने तरीके से चलाने का प्रयास किया, जब वह नहीं माने तो उन्हें कट्टरपंथ फैलाने के आरोप में 2017 में गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। मस्जिद के इमाम को 15 साल कैद की सजा सुनाई गई है।

इनके साथ ही कई धार्मिक नेता भी विभिन्न आरोपों में जेल में पड़े हुए हैं। चीन ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है, यही नहीं मस्जिद के मौजूदा इमाम भी सरकार की भाषा ही बोल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शिनजियांग में उइगर मुस्लिमों पर अत्याचार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नरसंहार बताया गया है। इस संबंध में अमेरिका और ब्रिटेन सहित कई देश अपने यहां प्रस्ताव भी पारित कर चुके हैं

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *