जिला संवाददाता विजय कुमार वर्मा
सहसवान (बदायूँ) एक व्यक्ति ने दो अन्य व्यक्तियों को फंसाने के लिए घिनौना कृत्य कर डाला। अपनी पत्नी को जंगल में ले जाकर दूसरे व्यक्ति से दुष्कर्म करा दिया और अन्य दो व्यक्तियों पर उसका आरोप लगा दिया। जब पुलिस ने कोतवाली ले जाकर दोनों से जानकारी ली तो उसकी पत्नी ने सारी सच्चाई बता दी। इस पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रविवार दोपहर करीब एक बजे उसका पति उसे नानी के घर ले जाने की बात कह कर बाइक से जंगल में ले गया। वहां जाकर फोन करके एक व्यक्ति को बुलाया और जबरदस्ती उसके साथ बुलाए व्यक्ति से दुष्कर्म कराया। उसके बाद पति ने 112 पुलिस को फोन कर बुला लिया और दो व्यक्तियों पर आरोप लगाते हुए पुलिस को गुमराह करने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस पीड़िता और उसके पति को कोतवाली ले आई। पुलिस ने जानकारी ली तो महिला ने बताया उसका पति गांव के दो अन्य व्यक्तियों को फंसाने का प्रयास कर रहा था। जबकि दुष्कर्म उसके ही बुलाए व्यक्ति ने किया है। जिसे उसका पति अच्छी तरह पहचानता है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति को नामजद करते हुए एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस दूसरे आरोपित को तलाश कर रही है। महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही दूसरा आरोपी भी पकड़ लिया जायेगा।