बदायूँ : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के नेहरू युवा केंद्र बदायूं द्वारा शुक्रवार को विश्व साइकिल दिवस पर साइकिल रैली का आयोजन किया गया जिसका विधिवत शुभारम्भ प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अशोक कुमार सिंह एवं जिला युवा अधिकारी डॉ दिनेश यादव ने झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर डी एफ ओ अशोक कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ्य रहने के लिए खेल और प्रतिदिन योग गतिविधियां आवश्यक हैं अतः युवा इन गतिविधियों से अपने को स्वस्थ्य रखें। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना एक सरल और सार्थक व्यायाम है जिससे शरीर और मन पूर्ण स्वस्थ रहता है, अतः युवा साईकिल व्यायाम से अपने को स्वस्थ्य रखें।
कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए जिला युवा अधिकारी डॉ दिनेश यादव ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंर्तगत अनेकों युवा गतिविधियों का आयोजन नेहरू युवा केंद्र संगठन भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है, इसी क्रम में आज “विश्व साइकिल दिवस” पर साइकिल रैली का आयोजन पूरे देश में किया जा रहा है, जिससे पूरे राष्ट्र में फिट इंडिया का संदेश जाएगा।
डीपीओ नमामि गंगे अनुज प्रताप सिंह, रवेंद्र पाल सिंह और मुख्य प्रशिक्षक अशोक तोमर के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में 105 युवा एवं युवतियों ने भाग लिया तथा कृषि विज्ञान केंद्र उझानी से लेकर वरी बायपास होकर छ्तुईया से वापस आकर कुल 8 किलोमीटर की दूरी तय कर युवाओं ने फिट इंडिया का संदेश दिया।इस रैली में प्रमुख रूप से प्रवीण कुमार, विक्रम पुरी, प्रशांत माहेश्वरी, सुनील कुमार, ओमपाल, एकता सिंह, नीलम, प्रतिज्ञा यादव, कमलेश कुमारी विराट सिंह, प्रशांत ठाकुर, मयंक तोमर सहित अन्य युवाओं ने भाग लिया।