चंडीगढ़ : कांग्रेस ने 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस की मेनिफेस्टो कमेटी और कैंपेन कमेटी का गठन कर दिया है। एक माह पहले कांग्रेस हाईकमान ने चुनाव के लिए विभिन्न कमेटियों के गठन का एलान किया था।
घोषणापत्र कमेटी के सहप्रभारी बने मनप्रीत बादल
चुनाव घोषणापत्र कमेटी की कमान सांसद प्रताप सिंह बाजवा को सौंपी गई थी। अब डॉ. अमर सिंह को इस कमेटी का संयोजक बनाया गया है। वहीं वित्तमंत्री मनप्रीत बादल को सह प्रभारी बनाया गया था। कमेटी के सदस्यों में ओपी सोनी, राणा गुरजीत सिंह, जयवीर शेरगिल, ले. ज. जेएस धालीवाल, राहुल आहूजा, एलेक्स पी सुनील, सुरिंदर कुमार डावर, हरदियाल कंबोज, सुशील कुमार रिंकू, जसलीन सेठी, अशोक चौधरी, अमित विज, केके अग्रवाल, रमन सुब्रमण्यम, मंजू बंसल, विजय कालरा, सुरजीत सिंह शामिल किए गए हैं।
रवनीत बिट्टू को कैंपेन कमेटी का संयोजक बनाया गया
वहीं सुनील जाखड़ की अध्यक्षता वाली कैंपेन कमेटी में रवनीत सिंह बिट्टू को संयोजक बनाया गया है। अमरप्रीत सिंह लाली को कमेटी का सहप्रभारी बनाया गया है। कमेटी के सदस्यों में विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु, श्याम सुंदर अरोड़ा, राजकुमार वेरका, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, परगट सिंह, राजिंदर बेरी, योगेंद्र पाल ढींगरा, जुगल किशोर शर्मा, केके बावा, हरदीप सिंह किंगड़ा, इमेन्युल रहमत मसीह, नवजोत दहिया, जत्थेदार चरण सिंह, देवेंद्र सिंह गरचा, गुलाम हुसैन, बलबीर सिद्धू, संदीप संधू, कुशलदीप सिंह ढिल्लों, दुर्लभ सिंह और समरत ढींगरा के नाम शामिल हैं।
2017 में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने बनवाया था मेनिफेस्टो
उल्लेखनीय है कि 2017 में कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब के लिए चुनाव मेनिफेस्टो कमेटी की घोषणा करने के साथ ही पार्टी के अनेक सीनियर नेताओं को इसमें शामिल कर दिया था और मेनिफेस्टो तैयार करने का काम तुरंत शुरू हो गया था। उस समय पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का भी पंजाब कांग्रेस को मेनिफेस्टो तैयार करने में अहम सहयोग मिला था। लेकिन इस बार प्रदेश के नेता ही मेनिफेस्टो को लेकर पसोपेश में हैं और पार्टी का चुनाव प्रचार भी शुरू नहीं हो सका है। फिलहाल मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से जनता के लिए विभिन्न घोषणाएं करते हुए पार्टी के लिए माहौल बनाया जा रहा है।
