चंडीगढ़, एजेंसी : पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी ने आखिरकार मंगलवार को अपने सीएम के नाम का एलान कर ही दिया। लोगों की रायशुमारी के बाद संगरूर के सांसद भगवंत मान को आम आदमी पार्टी का सीएम उम्मीदवार घोषित किया गया। आप  द्वारा जारी नंबर पर 22 लाख लोगों ने राय दी, जिसमें से 15 लाख लोगों ने मान के पक्ष में वोट दिया।

भगवंत मान इस समय पंजाब में आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े नेता हैं। पेशे से कॉमेडियन भगवंत मान जट्ट सिख समुदाय से आते हैं। पंजाब की राजनीति में जट्ट सिख समुदाय 19 प्रतिशत है। हालांकि ये पंजाब का सबसे बड़ा वोट बैंक नहीं है लेकिन पंजाब की राजनीति में ये समुदाय ही सबसे ताकतवर माना जाता है।

2011 में राजनीति में आए थे मान

भगवंत मान का जन्म साल 1973 में संगरूर जिले में हुआ था। वह पेशे से कॉमेडियन, एक्टर व राजनेता है। 2011 में उन्होंने राजनीति में एंट्री की थी। इसके बाद वह संगरूर से दो बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। वहीं, लोगों में काफी लोकप्रिय है। गत विधानसभा चुनाव में तो उन्होंने शिरोमणि अकाली दल पर गानों के रूप में हमला बोला था।

मालवा से हैं मान

पंजाब को आमतौर पर तीन क्षेत्रों में बांटा जाता है। इनमें दोआबा, मालवा और माझा शामिल है। मालवा बाकी दोनों क्षेत्रों से बड़ा है और 117 विधानसभा सीटों में से 69 सीटें इसी क्षेत्र में आती हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर माझा क्षेत्र आता है, यहां पर कुल 25 विधानसभा सीटें हैं। सबसे आखिर में दोआबा है, यहां पर 23 विधानसभा सीटें हैं। इतिहास गवाह है कि पंजाब में सत्ता पर मालवा का दबदबा हमेशा कायम रहा है। 1966 में हरियाणा के अलग होने के बाद से अब तक पंजाब में 18 मुख्यमंत्री बन चुके है। जबकि पंजाब में पांच बार राष्ट्रपति शासन भी लगा है। 17 मुख्यमंत्रियों का नाता मालवा क्षेत्र से रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *