मैनपुरी, एजेंसी : सपा संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने इस विधानसभा चुनाव में पहली बार अपने बेटे अखिलेश यादव के लिए चुनावी प्रचार किया है। उन्होंने मैनपुरी के करहल में गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस देश को किसान, व्यापारी और नौजवानों ही मजबूत करेंगे। इन तीनों की उम्मीदों को समाजवादी पार्टी पूरा करेगी। सपा की नीतियां स्पष्ट हैं। मुलायम सिंह यादव ने जनता से अपील करते हुए कहा कि करहल से अखिलेश यादव को भारी वोटों से जिताने का काम करें।
मुलायम सिंह यादव ने करीब 15 मिनट तक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान किसान, व्यापारी और नौजवान का ही जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर किसानों के लिए खाद और बीज का इंतजाम किया जाएगा। सिंचाई के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। पैदावार बढ़ेगी तो किसानों की हालत सुधरेगी। नौजवानों को नौकरी मिलेगी। मैं विश्वास दिलाता हूं कि नौजवानों को नौकरी का इंतजाम किया जाएगा। व्यापारियों को सुविधा दी जाएगी, जिससे वह किसान की फसल को खरीद सकेंगे।
