अमेठी, एजेंसीउत्‍तर प्रदेश में पांचवें चरण का चुनाव प्रचार थमने से पहले शुक्रवार को अमेठी के जगदीशपुर विधान सभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जनता से कई वादे किये। प्रियंका ने हनुमान मंदिर पर पूजा अर्चना कर माथा टेका फि‍र मंच पर पहुंच कर उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

महंगाई और बेरोजगारी पर भाजपा सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का काम है, देशवासियों को अपने पैरों पर खड़ा करे। लेकिन देश की सरकार हमें फ्री में गेहूं चावल देकर आलसी बनाने का काम कर रही है। भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है। आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। प्रदेश धर्म व जातिवाद के भंवरजाल में फंस गया है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों को छुट्टा जानवरों से निजात दिलाई जाएगी। सरकार पशुपालकों से मवेशियों का गोबर खरीद कर उससे खाद बनाएगी। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को इससे छुटकारा दिला दिया है। बता दें क‍ि पार्टी प्रत्याशी विजय पासी के समर्थन में आयोजित जनसभा में वह करीब डेढ़ घंटे विलंब से पहुंची।

प्रियंका गांधी ने कहा, प्रदेश से भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी विजय पासी को भारी मतों से जिताने व अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। प्रियंका ने कहा, बिजली का बिल हाफ होगा। 40 प्रतिशत नौकरी महिलाओं को दी जाएगी। महिलाओं पर अत्याचार होने पर कार्रवाई न करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। किसानों के कर्ज माफ होंगे। हर ब्लाक में महिला चिकित्सक व नर्स होंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *